कल से शुरू होगा जे०एन०टी० अण्डर-12 क्रिकेट संग्राम, उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी

 

 

  • कानपुर साउथ मैदान पर होगा भव्य उद्घाटन समारोह, 12 टीमों के कप्तानों की होगी घोषणा
  • चयनित खिलाड़ियों को वितरित की जाएगी जर्सी, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
  • 14वीं जे०एन०टी० अण्डर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह
  • 13 वर्षों में हजारों खिलाड़ियों को मंच दे चुकी है संस्था

 

कानपुर, 16 मई।

जे०एन०टी० संस्था द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित 14वीं जे०एन०टी० अण्डर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 17 मई, रविवार को शाम 5 बजे कानपुर साउथ मैदान पर आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन सचिव अमित मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया एवं अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 12 टीमों के नामों की घोषणा की जाएगी। साथ ही सभी चयनित खिलाड़ियों को मैच जर्सी वितरित की जाएगी तथा टीमों के कप्तानों का भी ऐलान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बेहतर क्रिकेट सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 श्रेष्ठ खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर प्रदेश स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

अमित मिश्रा ने कहा कि संस्था के 13 वर्षों के सफर में लगभग 2800 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। इनमें कई खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े खिलाड़ी शिवांग कुमार भी इसी प्रतियोगिता से उभरकर आगे बढ़े खिलाड़ियों में शामिल हैं। वर्तमान में वह मध्यप्रदेश अण्डर-13 टीम के नियमित सदस्य हैं।

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष प्रतियोगिता पहले से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक होने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह को लेकर मैदान पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Leave a Comment