- प्रदेश सहित बाहर के राज्यों से भी खिलाड़ियों का जबरदस्त रुझान, 8 से 10 मई तक होंगे ट्रायल
कानपुर, 4 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जे.एन.टी. अंडर-12 क्रिकेट लीग के लिए खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के लिए अब तक कुल 670 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नई दिल्ली, गुरुग्राम, करनाल और बिहार के आसनसोल से भी प्रतिभागी शामिल हैं।
5 मई को होगा बैच वितरण
संस्था के सचिव संजय शुक्ला के अनुसार लीग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 5 मई तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद 5 मई को सुबह 8:30 बजे कानपुर साउथ मैदान पर खिलाड़ियों का बैच वितरण किया जाएगा।
बाहर के खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था
कानपुर के बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करते हुए 8 से 10 मई के बीच किसी भी दिन ट्रायल देने का अवसर दिया गया है। ट्रायल के दौरान ही उन्हें बैच भी प्रदान किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिकॉर्ड स्तर पर दिखा उत्साह
सचिव संजय शुक्ला ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता के प्रति खिलाड़ियों का जो उत्साह देखने को मिला है, वह पिछले सत्रों की तुलना में कहीं अधिक है। यह प्रतियोगिता की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है और आने वाले समय में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।