- 20 से 26 नवंबर तक आयोजित होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता, पालक सरोज, कार्तिक चौरसिया और समीर वर्मा करेंगे प्रतिभाग
कानपुर, 17 नवंबर।
भारतीय खेल जगत में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत में पहली बार आयोजित होने वाली 1st India International Open Taekwondo Championship 2026 में कानपुर के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।
तीन खिलाड़ी करेंगे कानपुर का प्रतिनिधित्व
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कानपुर के पालक सरोज, कार्तिक चौरसिया और समीर वर्मा प्रतिभाग करेंगे। पालक सरोज जूनियर गर्ल्स अंडर-42 किलोग्राम वर्ग, कार्तिक चौरसिया जूनियर बॉयज ओवर-78 किलोग्राम वर्ग और समीर वर्मा सब-जूनियर अंडर-38 किलोग्राम वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। तीनों खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में उत्साह है।
देश-विदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड ताइक्वांडो, इंडिया ताइक्वांडो, एशियन ताइक्वांडो यूनियन एवं भारतीय ओलंपिक संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश के हजारों खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच गौरव की बात : सतीश कुमार
कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के कार्यवाहक सचिव सतीश कुमार ने कहा कि यह चैंपियनशिप भारतीय ताइक्वांडो के इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगी। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और देश का नाम रोशन करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में कानपुर के तीन खिलाड़ियों की भागीदारी पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस अवसर पर कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के जनरल सेक्रेटरी तुषाल साहनी सहित कोच अरविंद शर्मा, नीरज सिंह, लाली यादव, विक्रांत अग्निहोत्री, दानिश खान, वंदना, अनुप कुमार, मानसी शुक्ला एवं अभिषेक शुक्ला समेत अन्य खेल पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।