शम्सी रेंजर्स ने 219 रन का लक्ष्य हासिल कर दर्ज की शानदार जीत, नाइट राइडर्स ने आखिरी विकेटों तक चले मुकाबले में मारी बाजी

 

 

  • साद हसन का शतक, अली शकील की तूफानी पारी और अर्सलान इलाही के पांच विकेट रहे आकर्षण का केंद्र

 

कानपुर, 17 नवंबर।

शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14 के लीग मुकाबलों में क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। 15 नवंबर को खेले गए पांच मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। किसी मुकाबले में बड़े स्कोर का सफल पीछा हुआ तो कहीं गेंदबाजों ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया। शम्सी स्पोर्टिंग, शम्सी रेंजर्स, शम्सी नाइट राइडर्स, शम्सी पैंथर्स और ब्लीड ब्लू ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर लीग में दमदार प्रदर्शन किया।

शम्सी स्पोर्टिंग ने पांच विकेट से दर्ज की जीत

SSG ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में शम्सी स्पोर्टिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शम्सी थंडर स्टार्स ने निर्धारित 25 ओवर में आठ विकेट पर 133 रन बनाए। शाहजाद खान ने 34, कप्तान आजम ने 25 और नदीम ने 22 रन का योगदान दिया। शम्सी स्पोर्टिंग के नासिर इकबाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि अरहमान को दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी शम्सी स्पोर्टिंग ने 23 ओवर में पांच विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। अरहमान ने 19 गेंदों पर 32 रन की तेज पारी खेली। पिंटू भाई 27 रन और कबीर अहमद 22 रन बनाकर नाबाद रहे। अरहमान को 32 रन और दो विकेट के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

साद हसन के शतक पर भारी पड़ी अली शकील की तूफानी पारी

PAC-B मैदान पर शम्सी फाल्कन्स और शम्सी रेंजर्स के बीच मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फाल्कन्स ने तीन विकेट पर 218 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। साद हसन ने 92 गेंदों पर नाबाद 128 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 10 चौके और आठ छक्के शामिल रहे। जिब्रान हसन ने 34 रन बनाए।

219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शम्सी रेंजर्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। कप्तान अली शकील ने महज 34 गेंदों पर नाबाद 78 रन ठोक दिए। हमशाद नफीस ने 54 और नावेद जौहरी ने 31 रन बनाए। रेंजर्स ने 24.2 ओवर में पांच विकेट पर 223 रन बनाकर पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की। अली शकील को उनकी विस्फोटक पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

शिजान की घातक गेंदबाजी, नाइट राइडर्स ने दो विकेट से जीता रोमांचक मुकाबला

बिलाबॉन्ग हाईस्कूल, मीरपुर कैंट मैदान पर पावर हिटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.3 ओवर में 171 रन बनाए। फैसल तारिक ने 51 रन, फौजान हाशिम ने 28 और मोहम्मद फराज ने 23 रन बनाए। शम्सी नाइट राइडर्स के मोहम्मद आमिर और शिजान ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि अभिजीत सिंह को दो विकेट मिले।

172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट राइडर्स को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। मोहम्मद शाद ने नाबाद 44 रन और शाहरुख ने 32 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। नाइट राइडर्स ने 22.2 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन बनाकर दो विकेट से मुकाबला जीत लिया। पावर हिटर्स के मोहम्मद आसिफ ने चार विकेट लेकर संघर्ष किया। शिजान को तीन विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

अर्सलान इलाही ने पांच विकेट लेकर पैंथर्स को दिलाई 41 रन से जीत

JMD वर्ल्ड स्कूल, मैनावती मार्ग पर शम्सी पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 207 रन बनाए। अदनान अयूब ने 36 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली। अज़मान ने 29, वाइज़ महमूद ने 27 और सुभान इलाही ने 25 रन बनाए। किंग वॉरियर्स की ओर से फरान और राम रंजन ने तीन-तीन विकेट लिए।

जवाब में शम्सी किंग वॉरियर्स की टीम 21.3 ओवर में 166 रन पर सिमट गई। सुहेब खालिद ने 70 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पैंथर्स के अर्सलान इलाही ने 23 रन देकर पांच विकेट झटके। मोहम्मद अयान ने दो विकेट हासिल किए। शम्सी पैंथर्स ने 41 रन से मुकाबला जीत लिया। अर्सलान को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मोहम्मद उमर की गेंदबाजी के आगे पैराडाइज पस्त, ब्लीड ब्लू ने जीता मुकाबला

SRMS क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में ब्लीड ब्लू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 173 रन बनाए। हैदर बेग ने 34, शेन आलम ने 27, जैन शरीफ ने नाबाद 25 और शुजा उस्मानी ने नाबाद 24 रन बनाए। शम्सी पैराडाइज की ओर से हिफ्जुर रहमान, अब्दुल रहमान और अब्दुल तौफीक ने दो-दो विकेट लिए।

174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शम्सी पैराडाइज की टीम 24.1 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नोमान काजमी ने 38 और फहाद मजीद ने 27 रन बनाए। ब्लीड ब्लू के मोहम्मद उमर ने पांच ओवर में एक मेडन के साथ महज 17 रन देकर चार विकेट झटके। कप्तान अली शमशाद ने भी तीन विकेट हासिल किए। ब्लीड ब्लू ने 14 रन से जीत दर्ज की। मोहम्मद उमर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

Leave a Comment