फेंसिंग में कानपुर की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, खुशी ने जीता स्वर्ण तो गीतिका ने हासिल किया कांस्य

 

 

  • वाराणसी में सीनियर यूपी स्टेट फेंसिंग सिलेक्शन ट्रायल में चमकीं शहर की खिलाड़ी, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन की उम्मीद
  • कोच नीलेश मौर्य के मार्गदर्शन में THE ATHLETE’S FORGE में ले रहीं प्रशिक्षण, जिले का बढ़ाया गौरव

 

कानपुर, 17 नवंबर।

खेल के मैदान में कानपुर की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वाराणसी में आयोजित सीनियर यूपी स्टेट फेंसिंग सिलेक्शन ट्रायल में शहर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में खुशी शुक्ला ने सब्रे (Sabre) इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि गीतिका राना ने एपी (Epee) इवेंट में कांस्य पदक जीतकर कानपुर का गौरव बढ़ाया।

कोच नीलेश मौर्य के मार्गदर्शन में हासिल की सफलता

दोनों खिलाड़ी कानपुर के श्याम नगर स्थित THE ATHLETE’S FORGE Sports Academy में कोच नीलेश मौर्य के मार्गदर्शन में फेंसिंग का नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। नीलेश मौर्य राष्ट्रीय स्तर के फेंसिंग खिलाड़ी होने के साथ ही NIS योग्य राष्ट्रीय फेंसिंग कोच हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार अपनी तकनीक, कौशल और खेल प्रदर्शन को निखार रही हैं। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए हो रहा टीम का चयन

यह चयन ट्रायल 17 नवंबर 2026 को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा स्थित फेंसिंग हॉल में आयोजित किया गया। इस ट्रायल के माध्यम से 37वीं सीनियर नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाना है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर (पंजाब) में आयोजित होगी।

फेंसिंग एसोसिएशन ने दी बधाई

खुशी शुक्ला और गीतिका राना की इस उपलब्धि पर कानपुर फेंसिंग एसोसिएशन ने प्रसन्नता व्यक्त की। एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों के साथ उनके कोच नीलेश मौर्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की यह सफलता कानपुर में फेंसिंग खेल के बढ़ते स्तर और शहर की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

Leave a Comment