- हर्षवर्द्धन के अर्धशतक और यथार्थ-विष्णु की घातक गेंदबाजी से मिली बड़ी जीत
- काउण्टी क्लब को 101 रनों से हराकर अंतिम चार में बनाई जगह
कानपुर, 30 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग के अंतर्गत ग्रीन पार्क मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ग्रीनपार्क हॉस्टल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काउण्टी क्लब को 101 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रीनपार्क हॉस्टल की टीम 38.5 ओवर में 232 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हर्षवर्द्धन ने शानदार 85 रन बनाए, जबकि अतीत यादव ने 49 और अंकेश यादव ने 31 रनों का योगदान दिया। काउण्टी क्लब के लिए आशीष कुमार, प्रियांशु पाल और आशीष मिश्रा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
233 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काउण्टी क्लब की टीम ग्रीनपार्क हॉस्टल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 30.3 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। रिषभ उत्तम ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला।
ग्रीनपार्क हॉस्टल की ओर से यथार्थ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि विष्णु सरोज ने 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ग्रीनपार्क हॉस्टल ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।