- ग्रीन पार्क में जुटे प्रदेशभर के करीब 370 खिलाड़ी, कानपुर के खिलाड़ियों ने जीत के साथ की शुरुआत
- पहले दिन खेले गए पुरुष और महिला एकल के रोमांचक मुकाबले, कल सुबह आठ बजे से जारी रहेगा मुकाबलों का सिलसिला
कानपुर, 1 अक्टूबर।
योनेक्स सनराइज स्वर्गीय सीताराम पांडेय स्मृति द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम स्थित बहुउद्देशीय हॉल में हुआ। 1 से 4 अक्टूबर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 370 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन चेयरमैन मनोज पांडेय, अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल, रामावतार शुक्ला, विदिशा साबुन के निदेशक कमल कटारिया, आरएसओ कर्मवीर सिंह, डॉ. मनीषा अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, जितेंद्र गौतम, संजीव पाठक, अजेंद्र राय एवं चीफ रेफरी की मौजूदगी में हुआ। कानपुर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के आयोजन स्थल पर पहुंचने से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एकल वर्ग के राउंड ऑफ 256 के मुकाबलों के साथ विभिन्न वर्गों के मैच खेले गए। कानपुर की महिला खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत से शुरुआत की। मनसा श्रीवास्तव ने नोएडा की शाहून सिंह को 30-18, सिद्धि झा ने प्रयागराज की जयश्री गुप्ता को 30-22, निकिता भाटिया ने महाराजगंज की ज्योति गुप्ता को 30-26 और आराध्या यादव ने रिद्धिमा चौबे को 30-25 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पुरुष एकल में प्रयागराज के सौरभ शुक्ला ने कानपुर के रुद्रांग यादव को 30-8 से, कानपुर के नमन खन्ना ने लखनऊ के रविंद्र कुमार प्रियदर्शी को 30-16 से और बलिया के शिवम शेखर ने कानपुर के निखिल पाल को 30-9 से हराया।
अन्य मुकाबलों में कानपुर के ध्रुव ने प्रयागराज के रिद्धि विनायक को 30-6 से हराया, जबकि मेरठ के अथर्व शर्मा ने कानपुर के तनिष्क कुमार सिंह को 30-11 से तथा प्रयागराज के सौम्य प्रकाश यादव ने लखनऊ के आदित्य सिंह को 30-24 से पराजित किया। बालिका वर्ग में कानपुर की सिद्धि झा ने प्रयागराज की जयश्री को 30-24 से हराकर अगले चक्र में जगह बनाई।
इसके अलावा महराजगंज के आदित्य सागर अग्रहरि ने बांदा के निखिल को 30-10, कानपुर के आर्यन सिंह ने कानपुर के आरजू कुशवाहा को 30-8, नोएडा के भविष्य नागर ने बरेली के अथर्व अग्रवाल को 30-25 और मथुरा के वेदांश ने लखनऊ के शिवम जोशी को 30-17 से शिकस्त दी।
प्रयागराज के पीयूष चौहान ने कानपुर के कृषव जैन को 30-17, वाराणसी के देवानंद यादव ने वाराणसी के हर्ष यादव को 30-17 और अलीगढ़ के वेदांश शर्मा ने उन्नाव के मानस सविता को 30-9 से हराया। वहीं मुरादाबाद के दिव्यांश प्रताप सिंह ने सहारनपुर के हर्ष को 30-24, शाहजहांपुर के आशुतोष बाजपेयी ने नोएडा के कार्तिक कपूर को 30-7 तथा सीतापुर के निखिल वर्मा ने कानपुर के सिद्धार्थ गुप्ता को 30-11 से पराजित किया।
कानपुर के कार्तिक गुप्ता ने नोएडा के आयुष गौड़ को 30-16 से, झांसी के अभिजीत सिंह ने मुरादाबाद के शिवम कराता को 30-17 से, बरेली के करण प्रताप सिंह ने कानपुर के तेजस दीक्षित को 30-4 से तथा मथुरा के तन्मय पाल ने मिर्जापुर के विकास राव को 30-11 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इस अवसर पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डी.पी. सिंह, महीप सक्सेना, सौरभ श्रीवास्तव, केशव द्विवेदी, आशीष कुमार गौड़, इरशाद अहमद सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के अगले दौर के मुकाबले शुक्रवार को सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे।