- शहबाज, उत्कर्ष यादव, दिव्यांशु पाण्डेय और फर्दीन अली के शतकों ने मुकाबलों में बिखेरा जलवा
कानपुर, 19 मई।
Kanpur Cricket Association द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत मंगलवार को खेले गए तीन मुकाबलों में फ्रेंड्स क्लब, फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब एवं बीसीए ने शानदार जीत दर्ज की। विभिन्न मैदानों पर खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फ्रेंड्स क्लब ने गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब को 85 रन से हराया
आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में फ्रेंड्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 38 ओवरों में 5 विकेट पर 265 रन बनाए। टीम की ओर से शहबाज ने शानदार नाबाद 155 रन की विस्फोटक पारी खेली। अभिजीत कुमार ने 42 तथा शशांक परिहार ने 26 रनों का योगदान दिया। गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब की ओर से सौम्य पाल ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब की टीम 36.4 ओवरों में 180 रन पर सिमट गई। राज सिंह ने 49, यश पाण्डेय ने 41 तथा दिव्य प्रताप सिंह ने 31 रन बनाए। फ्रेंड्स क्लब की ओर से अभिजीत कुमार एवं मो. हसन ने 3-3 विकेट लेकर टीम को 85 रन की बड़ी जीत दिलाई।
फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब ने सिटी क्लब को 152 रन से रौंदा
जेम्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब ने 32 ओवरों में 5 विकेट पर 260 रन बनाए। उत्कर्ष यादव ने शानदार 109 रन की शतकीय पारी खेली जबकि भानु प्रताप ने 66 एवं रोहित कमल ने 29 रन बनाए।
जवाब में सिटी क्लब की पूरी टीम 23.2 ओवरों में 108 रन पर आउट हो गई। प्रियंशु गुप्ता ने अकेले संघर्ष करते हुए 57 रन बनाए। फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब की ओर से भानु प्रताप ने 16 रन देकर 4 विकेट, रोहित कमल ने 3 विकेट एवं उत्कर्ष यादव ने 2 विकेट लेकर टीम को 152 रन की बड़ी जीत दिलाई।
फर्दीन अली के शतक से बीसीए ने दर्ज की रोमांचक जीत
पीएसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में नेशनल यूथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 ओवरों में 9 विकेट पर 234 रन बनाए। दिव्यांशु पाण्डेय ने शानदार 104 रन की शतकीय पारी खेली जबकि आरुष कश्यप ने 50 रन बनाए। बीसीए की ओर से राम रतन एवं बलराम सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।
235 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बीसीए ने 33.1 ओवरों में 5 विकेट खोकर 238 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। फर्दीन अली ने मैच विजयी 103 रन बनाए जबकि शिवांश शर्मा ने 58 रनों की उपयोगी पारी खेली। नेशनल यूथ की ओर से शौर्य ठाकुर ने 2 विकेट लिए।
प्रतियोगिता की जानकारी Kaushal Kumar Singh ने दी।