- एलन हाउस पब्लिक स्कूल में सजेगा बास्केटबॉल का रोमांच, करीब 90 टीमें लेंगी हिस्सा
- एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह करेंगी प्रतियोगिता का उद्घाटन, पूर्व वरिष्ठ बास्केटबॉल खिलाड़ियों को किया जाएगा सम्मानित
कानपुर, 20 नवंबर।
शहर में बास्केटबॉल प्रतिभाओं को मंच देने और खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानपुर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से जिला बास्केटबॉल 3×3 लीग-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 22 नवंबर, रविवार को खलासी लाइन स्थित एलन हाउस पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी। इसमें कानपुर सहित आसपास के जिलों की लगभग 90 टीमें प्रतिभाग करेंगी।

डॉ. अर्चना सिंह करेंगी शुभारंभ
कानपुर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीसीपी कानपुर डॉ. अर्चना सिंह करेंगी। लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
पूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों का होगा सम्मान
प्रतियोगिता के दौरान बास्केटबॉल के पूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। एसोसिएशन का उद्देश्य नई पीढ़ी को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही बास्केटबॉल के विकास में योगदान देने वाले पूर्व खिलाड़ियों के अनुभव और योगदान को सम्मान देना है।