क्रिकवर्षा टी-20 में एलेनहाउस पनकी व डीपीएस कल्याणपुर सेमीफाइनल में, रोमांचक मुकाबलों से सजा तीसरा दिन

 

 

  • 13 स्कूलों की भागीदारी वाले इंटर-स्कूल टूर्नामेंट में बीएनएसडी और एलेनहाउस खलासीलाइन ने भी दिखाया दम

कानपुर, 6 मई 2026।

कानपुर स्पोर्ट्स एंड कल्चर इवेंट्स के तत्वावधान में आयोजित “क्रिकवर्षा सीजन–1 इंटर-स्कूल क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट 2026” के तीसरे दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। एलेनहाउस पब्लिक स्कूल पनकी और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) कल्याणपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

उद्घाटन के साथ शुरू हुआ दिन का खेल
दिन के लीग राउंड का उद्घाटन गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल के एक्टिंग प्रिंसिपल अनिकेत तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टूर्नामेंट में कुल 13 विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है।

बीएनएसडी की एकतरफा जीत
गीता देवी क्रिकेट ग्राउंड, मंटोरा में खेले गए पहले मैच में गौरव इंटरनेशनल स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 74 रन बनाए। जवाब में बीएनएसडी इंटर कॉलेज की टीम ने मात्र 7 ओवर में 77 रन बनाकर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

एलेनहाउस पनकी का दमदार प्रदर्शन
दूसरे मैच में एलेनहाउस पब्लिक स्कूल पनकी ने गुरु हरराय इंटर कॉलेज के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुरु हरराय स्कूल की टीम 120 रन पर सिमट गई, जिससे एलेनहाउस पनकी ने शानदार जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

खलासीलाइन को मिला वॉकओवर
तीसरे मुकाबले में शशिकांत खांडेकर ग्राउंड, वीएसएसडी कॉलेज में एलेनहाउस खलासीलाइन और पीपीएन इंटर कॉलेज के बीच मैच होना था, लेकिन पीपीएन टीम के अनुपस्थित रहने के कारण एलेनहाउस खलासीलाइन को वॉकओवर मिल गया।

मैन ऑफ द मैच रहे ये खिलाड़ी
आज के मुकाबलों में एलेनहाउस पनकी के प्रतीक सिंह और बीएनएसडी इंटर कॉलेज के हसन खान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

कल के मुकाबलों का शेड्यूल
कल के मैचों में गीता देवी क्रिकेट ग्राउंड (ग्राउंड B) पर गौरव इंटरनेशनल और पीपीएन इंटर कॉलेज के बीच मुकाबला होगा। वहीं ग्राउंड A पर बीएनएसडी इंटर कॉलेज का सामना एलेनहाउस खलासीलाइन से होगा। तीसरा मैच शशिकांत खांडेकर ग्राउंड, वीएसएसडी कॉलेज में पंडित दीनदयाल और मंटोरा स्कूल के बीच खेला जाएगा। सभी मुकाबले प्रातः 7:30 बजे से शुरू होंगे।

Leave a Comment