कानपुर में जिला स्तरीय रोप स्किपिंग चैंपियनशिप का आयोजन, 40 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम 

 

  • अंतरराष्ट्रीय पैरा स्पोर्ट्स आइकॉन राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 

कानपुर, 4 नवंबर।

बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मंगलवार को बर्रा स्थित खेलो भारत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय रोप स्किपिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। रोप स्किपिंग एसोसिएशन, कानपुर की ओर से क्रीड़ा भारती के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में 40 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के जॉइंट सेक्रेटरी सौरभ नैन के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुई।

 

मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल के मैदान तक लाना जरूरी

कार्यक्रम का शुभारंभ लेखचन्द्र गुप्ता ने किया। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय पैरा स्पोर्ट्स आइकॉन राहुल गुप्ता एवं रोहित गुप्ता ने खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल और नशे जैसी बुरी आदतों की ओर बढ़ता आकर्षण चिंता का विषय है। ऐसे में खेल बच्चों को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक एवं मानसिक मजबूती विकसित होती है। बच्चों को मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल के मैदान तक लाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्पीड हॉप में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने मारी बाजी

प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने स्पीड हॉप सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

अंडर-11 बालक वर्ग में देवांश प्रथम, राघव द्वितीय और विनीत तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अन्वेषा त्रिवेदी ने पहला, शिवांशी सिंह ने दूसरा और शान्वी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-14 बालक वर्ग में आकाश साहू प्रथम, रघु द्वितीय और देव कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में दिव्यांशी दीक्षित ने पहला, पूर्वी प्रकाश ने दूसरा और रैना कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में बृजेन्द्र प्रथम, राम कुमार द्वितीय और अब्दुल्ला मिर्जा तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सृष्टि ने पहला, रीना ने दूसरा और संगीता ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-19 बालक वर्ग में आशीष कुशवाहा प्रथम, शुभम कुमार सिंह द्वितीय और सागर तृतीय रहे। बालिका वर्ग में प्रिया ने पहला, मानसी ने दूसरा और रेशमा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

19 वर्ष से अधिक आयु के बालक वर्ग में सोनू पटेल प्रथम, राहुल कुमार द्वितीय और हुकुम सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में शहरीन ने पहला, रेनू सिंह ने दूसरा और पूनम झा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, वन लेग स्पर्धा के अंडर-11 बालिका वर्ग में जीवा पांडेय प्रथम, रेखा रावत द्वितीय और सपना माथुर तृतीय रहीं।

रोप स्किपिंग से बढ़ती है शारीरिक क्षमता और एकाग्रता

महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रोप स्किपिंग बच्चों की शारीरिक क्षमता, संतुलन, एकाग्रता और सहनशक्ति विकसित करने वाला बेहतरीन फिटनेस खेल है। कानपुर में इस खेल को मजबूत पहचान दिलाने और स्थानीय प्रतिभाओं को जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर व्यक्तित्व निर्माण और स्वस्थ समाज की आधारशिला भी हैं।

कार्यक्रम में संतोष कुमार गुप्ता, सागर पंवार, सिद्धांत दुबे, सृजन मिश्रा, शुभम कश्यप, निशा सिंह, मोहित, आशीष बाजपेयी, सचिन और क्रीड़ा भारती के श्याम मिश्रा सहित खेल प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार जताया।

Leave a Comment