- 11वीं मिनी नेशनल चैंपियनशिप में करेंगे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व
कानपुर, 4 सितंबर।
11वीं मिनी नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश अंडर-14 टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में चयनित कानपुर के आठ प्रतिभाशाली खिलाड़ी शुक्रवार, 4 सितंबर की शाम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से मडगांव, गोवा के लिए रवाना हुए।
चयन ट्रायल के बाद टीम में मिली जगह
कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन, संबद्ध उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित चयन ट्रायल के बाद अथर्व अवस्थी, तेजस ठाकुर, आर्यन पटेल, हितेश अहूजा, नमन पाठक, मानस शर्मा, वंश चतुर्वेदी एवं हनी सोनकर का उत्तर प्रदेश अंडर-14 टीम के लिए चयन हुआ है।
7 से 9 सितंबर तक मडगांव में होगी प्रतियोगिता
सभी चयनित खिलाड़ी 7 से 9 सितंबर 2026 तक मडगांव, गोवा में आयोजित होने वाली 11वीं मिनी नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
तेजस एक्सप्रेस और राजधानी से करेंगे सफर
खिलाड़ियों के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार टीम 4 सितंबर को तेजस एक्सप्रेस से कानपुर से दिल्ली रवाना हुई। इसके बाद 5 सितंबर को दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से राजधानी एक्सप्रेस के जरिए मडगांव के लिए प्रस्थान करेगी और 6 सितंबर को गोवा पहुंचेगी।
एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश और कानपुर का नाम रोशन करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव विपिन कुमार सोनकर ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर संयुक्त सचिव अर्पित तिवारी, उपाध्यक्ष तुषार अग्रवाल, संदीप निषाद तथा खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे।