- स्वर्ण पदक विजेताओं को मिलेगा नगद पुरस्कार और प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग में शामिल होने का मौका
कानपुर, 10 मई।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव उपेंद्र पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 16 से 18 मई 2026 तक बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी में ‘बनारस ट्राफी’ नाम से अखिल भारतीय पुरुष एवं सीनियर महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन इण्डियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें देशभर के चुनिंदा मुक्केबाज प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को 11 हजार रुपये नगद पुरस्कार तथा रजत पदक विजेताओं को 5100 रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 6 से 10 जुलाई तक आयोजित होने वाली प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग के लिए होने वाली बोली प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

इण्डियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के सेन्ट्रल जोन अध्यक्ष सुशील कटियार ने कहा कि यह केवल सेन्ट्रल जोन ही नहीं बल्कि पूरे देश के खेल प्रेमियों और बॉक्सिंग जगत के लिए गर्व का विषय है कि इण्डियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग चयन प्रक्रिया की शुरुआत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से करने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने बताया कि क्रिकेट और कबड्डी की तर्ज पर अब बॉक्सिंग खिलाड़ियों को भी एक नया और बड़ा मंच मिलने जा रहा है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति के चेयरमैन आशुतोष ओझा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों, निर्णायकों और अतिथियों के स्वागत एवं व्यवस्थाओं की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महासचिव उपेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय मुक्केबाजी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।