- सेमीफाइनल मुकाबले में गोल्डी मसाले इलेवन को 8 विकेट से हराया, गेंद और बल्ले दोनों से चमके आदित्य यादव
- आदित्य यादव ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लेने के साथ खेली 48 रनों की शानदार पारी
कानपुर, 6 जून।
14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डी मसाले इलेवन को 8 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्डी मसाले इलेवन ने 25 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। टीम के लिए कोनार्क प्रताप सिंह ने नाबाद 49 रन, आर्यन यादव ने 36 रन और युवराज यादव ने 17 रन का योगदान दिया। सिग्मा ग्रिपलॉक की ओर से देवांश दुबे, माधव बाजपेयी और आदित्य यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया। अतिरिक्त रनों के रूप में 12 रन मिले।
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने केवल 19 ओवर में 2 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान आदित्य यादव ने 35 गेंदों में 48 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि अभय प्रताप सिंह ने 40 रन बनाए। कृष्णा यादव 37 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। गोल्डी मसाले इलेवन की ओर से रौनक मिश्रा ने दो विकेट लिए।
मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले आदित्य यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी कप्तानी और ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने फाइनल में जगह पक्की कर ली।