- आईडीसीए तीसरी टी-20 राष्ट्रीय डेफ क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी टीम, 22 से 26 जून तक अनंतपुर में होगा आयोजन
- कुशीनगर के तेज गेंदबाज आकाश सैनी बने कप्तान, वाराणसी के ऋषित चौबे को सौंपी गई उपकप्तानी
कानपुर, 6 जून।
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ने आईडीसीए तृतीय अंडर-19 टी-20 राष्ट्रीय डेफ क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम की घोषणा कर दी है। एसोसिएशन के महासचिव आशीष बाजपेयी ने बताया कि यह प्रतियोगिता 22 से 26 जून 2026 तक आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में आयोजित होगी, जिसमें देश के 10 राज्यों की टीमें भाग लेंगी।
चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन और खेल प्रतिभा के आधार पर टीम का चयन किया गया है। कुशीनगर के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज एवं भारतीय बधिर क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके आकाश सैनी को उत्तर प्रदेश अंडर-19 डेफ क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं वाराणसी के ऋषित चौबे को उपकप्तान बनाया गया है। आकाश सैनी अपनी प्रभावी गेंदबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिसके चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम की कमान सौंपी है।
घोषित टीम में आकाश सैनी (कप्तान, कुशीनगर), ऋषित चौबे (उपकप्तान, वाराणसी), देवेंद्र कुमार यादव (विकेटकीपर, जौनपुर), विनीत गुप्ता (अलीगढ़), श्रवण कुमार (मथुरा), उत्कर्ष दुबे (वाराणसी), उत्कर्ष शर्मा (इटावा), अभिनव पटेल (बाराबंकी), शुभम सिंह (कानपुर), राजू यादव (गाजीपुर), धीरज यादव (बदायूं), तत्वेश गुप्ता (लखनऊ), शेवेंद्र (हमीरपुर) और अब्दुल कादिर (फिरोजाबाद) को शामिल किया गया है। टीम के कोच की जिम्मेदारी कानपुर देहात के अजीत सचान को सौंपी गई है, जबकि अशु दीक्षित टीम मैनेजर की भूमिका निभाएंगे।
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशु दीक्षित और महासचिव आशीष बाजपेयी ने चयनित खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन प्रदेश के प्रतिभाशाली बधिर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।