अवी फाउंडेशन और रेनू आईवीएफ की शानदार जीत, नंदिनी सिंह व एकता सिंह बनीं मैच की नायिका

 

 

  • छठवीं राजरतन महिला लीग में रोमांचक मुकाबले, अवी फाउंडेशन ने 2 विकेट से और रेनू आईवीएफ ने 36 रन से दर्ज की जीत

 

कानपुर, 16 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित छठवीं राजरतन महिला लीग के अंतर्गत रंगीन ड्रेस में खेले गए दो मुकाबलों में अवी फाउंडेशन और रेनू आईवीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

वीएस एचडी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल की टीम 25 ओवर में 119 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से प्रियांशी सिंह ने 38, गरिमा यादव ने 29 और शिबू सिंह पाल ने 22 रन बनाए। अवी फाउंडेशन की ओर से पूजा यादव, आराध्या सिंह और एंजेलिना वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि नंदिनी सिंह को एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अवी फाउंडेशन ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए 27.5 ओवर में 8 विकेट पर 120 रन बनाकर मैच 2 विकेट से अपने नाम कर लिया। सिमरन भाटी ने 36 और माही राजपूत ने 25 रन बनाए, जबकि नंदिनी सिंह 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। स्पार्क इंटरनेशनल की प्रतिभा सिंह राणा ने तीन तथा गरिमा यादव ने दो विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नंदिनी सिंह को वुमन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला बीसीए, गंगा बैराज मैदान पर खेला गया, जहां रेनू आईवीएफ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन बनाए। एकता सिंह ने शानदार 78 रन की पारी खेली, जबकि दिव्या ने 29 और अनुष्का ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया। डैम स्ट्राइकर की ओर से सौम्या कटियार ने दो विकेट हासिल किए।

जवाब में डैम स्ट्राइकर की टीम 33.2 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। श्वेता वर्मा ने 46 और काव्या बन्दोंह ने 33 रन बनाए। रेनू आईवीएफ की ओर से दिव्या और अनुपम राजपूत ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। रेनू आईवीएफ ने यह मुकाबला 36 रन से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए एकता सिंह को वुमन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

Leave a Comment