- फ्रेंड्स 11 और ए-टीम के बीच 181-181 रन पर छूटा मुकाबला, वी वॉरियर्स ने छह विकेट से दर्ज की जीत
- फैज अली के 125 और शादाब वारसी के 100 रन की बदौलत एस्पिरिस यूसीएल ने बनाया 297 रन का विशाल स्कोर
कानपुर, 25 अक्टूबर।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) के मुकाबलों में रविवार को क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। दिन के पहले मैच में फ्रेंड्स 11 और ए-टीम के बीच आखिरी गेंद तक चले संघर्ष के बाद मुकाबला टाई रहा। दूसरे मैच में विनय चौबे की घातक गेंदबाजी और अमर पांडे की नाबाद अर्धशतकीय पारी से वी वॉरियर्स ने छह विकेट से जीत दर्ज की। वहीं, तीसरे मुकाबले में फैज अली और शादाब वारसी के शानदार शतकों की बदौलत एस्पिरिस यूसीएल ने 297 रन बनाकर जेबीके 11 यूसीएल को 20 रन से शिकस्त दी।
अंतिम गेंद तक रोमांच, फ्रेंड्स 11 और ए-टीम का मुकाबला टाई
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में फ्रेंड्स 11 यूसीएल और ए-टीम यूसीएल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स 11 की टीम 29.5 ओवर में 181 रन पर ऑलआउट हो गई। आयुष मंधानी ने 31, अभिषेक ने 30 और संजय अरोड़ा ने 28 रन बनाए। ए-टीम की ओर से राहुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 24 रन देकर छह विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ए-टीम यूसीएल की पारी भी निर्धारित 30 ओवर की अंतिम गेंद पर 181 रन पर समाप्त हुई। प्रिंस श्रीवास्तव ने 36, संदीप ने 33 और पीएम 1 ने 28 रन का योगदान दिया। फ्रेंड्स 11 की ओर से सुमित गुलाटी ने 35 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने से मुकाबला टाई रहा।
विनय चौबे की घातक गेंदबाजी, वी वॉरियर्स ने छह विकेट से जीता मैच
राकेश मसाला ग्राउंड पर वी वॉरियर्स ने पिच रेडर्स को छह विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला वी वॉरियर्स के लिए कारगर साबित हुआ। पिच रेडर्स की टीम 23.5 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। आसिफ ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। वी वॉरियर्स के विनय चौबे ने छह ओवर में मात्र 13 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जबकि अनुभव दीक्षित और आशु यादव को दो-दो विकेट मिले।
114 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वी वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अमर पांडे ने 61 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पिच रेडर्स की ओर से यश पांडे ने तीन विकेट लिए।
फैज अली और शादाब वारसी के शतकों से एस्पिरिस यूसीएल की जीत
कानपुर साउथ (ए) टर्फ ग्राउंड पर खेले गए तीसरे मुकाबले में एस्पिरिस यूसीएल ने जेबीके 11 यूसीएल को 20 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एस्पिरिस ने निर्धारित 30 ओवर में पांच विकेट पर 297 रन बनाए। फैज अली ने 67 गेंदों पर 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 125 रन की विस्फोटक पारी खेली। शादाब वारसी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों के साथ 100 रन बनाए।
298 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीके 11 की टीम ने भी दमदार बल्लेबाजी की, लेकिन निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट पर 277 रन ही बना सकी। रोहित गुप्ता ने 78, राहुल त्रिवेदी ने 59 और आदित्य शर्मा ने 50 रन बनाए। एस्पिरिस की ओर से आकाश गुप्ता, आसिम और कर्मेन्द्र पांडे ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।