अर्किता वर्मा ने खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग में जीते स्वर्ण और रजत पदक

 

  • अयोध्या की साइक्लिस्ट ने रोशन किया यूपी का नाम, इनाम में मिला 16 हजार रुपए कैश प्राइज

कानपुर, 13 सितंबर। कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में 7 और 8 सितंबर 2024 को आयोजित खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग (पूर्वी जोन) में अयोध्या (उत्तर प्रदेश) की अर्किता वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता का आयोजन साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और पश्चिम बंगाल साइक्लिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में विवेकानंद युवा भारती किरन गान में हुआ।

अर्किता वर्मा ने जूनियर महिला वर्ग की 10 किमी इंडिविजुअल टाइम ट्रायल इवेंट में 17 मिनट 22.749 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें ₹6,000 का नकद पुरस्कार और रजत पदक से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, 20 किमी रोड मास स्टार्ट इवेंट में अर्किता ने 35 मिनट 48.85 सेकंड का समय निकालकर जूनियर महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ₹10,000 का कैश अवार्ड और स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धीरेन्द्र सिंह सचान (आई.ए.एस.), उपाध्यक्ष राम संकल गुर्जर और सचिव आर.के. गुप्ता ने टीम की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी महिला खिलाड़ियों को बधाई दी है।

 

Leave a Comment