- सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप
- महिला एकल में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, पुरुष एकल में तुषार सुवीर का सफर क्वार्टर फाइनल में थमा
भूपेंद्र।
लखनऊ, 27 नवंबर। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल, महिला युगल और मिश्रित युगल वर्ग के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा, गायत्री गोपीचंद-त्रिशा जॉली और सात्विक रेड्डी कन्नपुरम-रेशिका ने अंतिम चार में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि दांव पर है।

महिला एकल में उन्नति और तन्वी आमने-सामने
महिला एकल के सेमीफाइनल में अब भारत की दो दिग्गज युवा खिलाड़ियों उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा के बीच मुकाबला होगा। पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट और तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने बेहद रोमांचक मुकाबले में हमवतन अनमोल खरब को 21-19, 15-21, 21-18 से शिकस्त दी। एक घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्णायक गेम में उन्नति ने धैर्य और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
वहीं, दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 21-19, 18-21, 21-14 से पराजित किया। पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम गंवाने वाली तन्वी ने तीसरे गेम में दमदार वापसी करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
महिला एकल के अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की तस्नीम मीर को 21-11, 21-11 से हराया, जबकि चौथी वरीय थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग ने मलेशिया की वांग लिंग चिंग को 21-13, 21-13 से शिकस्त दी।
गायत्री-त्रिशा को वॉकओवर, यूक्रेन की जोड़ी से होगी भिड़ंत
महिला युगल में पिछली चैंपियन और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद पी एवं त्रिशा जॉली की जोड़ी बिना मुकाबला खेले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई। सातवीं वरीय फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट की जोड़ी बीमारी के कारण मुकाबले से हट गई, जिसके चलते भारतीय जोड़ी को वॉकओवर मिला।
सेमीफाइनल में गायत्री और त्रिशा का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा एवं येव्हेनिया कांतमिर की जोड़ी से होगा। यूक्रेन की इस जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीय भारत की अश्विनी भट्ट के. और शिखा गौतम को 13-21, 21-12, 22-20 से हराया। 45 मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन यूक्रेनी खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए अगले दोनों गेम अपने नाम कर लिए।
मिश्रित युगल में सात्विक-रेशिका की शानदार जीत
मिश्रित युगल वर्ग में भारत के सात्विक रेड्डी कन्नपुरम और रेशिका की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने हमवतन विराज कुवले और रुतुपर्णा पांडा को एकतरफा मुकाबले में 21-8, 21-14 से सीधे गेमों में पराजित किया।
अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में इंडोनेशिया के जफर हिदायतुल्लाह और रिजिंनी के नेस्टिन ने दूसरी वरीय इंग्लैंड की कैलम हेमिंग और एस्टेल वैन लीवन की जोड़ी को 21-8, 21-14 से हराकर उलटफेर किया। मलेशिया के वी यी हर्न और वैनी गोबी ने इंडोनेशिया के एम नवफ एवं इंदाह सी सारी जामिल को 21-15, 21-14 से शिकस्त दी। वहीं, पांचवीं वरीय इंडोनेशिया की रेहान नौफल कुशरजैंतो और मेलाती देवा ओक्तविअंती ने तीसरी वरीय स्कॉटलैंड की अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफेरसन की जोड़ी को 21-17, 21-19 से हराया।
पुरुष एकल में तुषार सुवीर को मिली हार
पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भारत के तुषार सुवीर को इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो के हाथों 19-21, 21-19, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा। अन्य मुकाबलों में इंडोनेशिया के चौथी वरीय रिची दुता रिचारर्डो ने कोरिया के सातवीं वरीय जियोन ह्योक-जिन को 21-16, 21-14 से हराया। फ्रांस के छठी वरीय अर्नौड मर्केल ने मलेशिया के दूसरी वरीय ली ज़ी जिया के खिलाफ 21-16, 11-6 की बढ़त के दौरान उनके चोटिल होने पर मुकाबला अपने नाम किया। चीनी ताइपे के जी यिंग वू ने जापान के कू ताकाहाशी को 21-17, 28-26 से पराजित किया।
पुरुष युगल में भी कई मुकाबलों के रहे रोमांचक नतीजे
पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की दूसरी वरीय पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन टीरारतसाकु की जोड़ी को चीनी ताइपे के चेन चेंग कुआन और लियू कुआंग-हेंग के खिलाफ वॉकओवर मिला। चोट के कारण चीनी ताइपे की जोड़ी मुकाबले में नहीं उतर सकी।
इंडोनेशिया की शीर्ष वरीय रेमंड इंद्र और निकोलौस जोकिन की जोड़ी ने भारत के साई प्रतीक के. और रूबन कुमार आर. को 20-22, 21-13, 21-9 से हराया। इंडोनेशिया की सातवीं वरीय चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न और वोरापोल थोंगसा-नगा की जोड़ी ने भारत के तीसरी वरीय हरिहरन आमसाकरुणन और एम.आर. अर्जुन को 10-21, 21-12, 21-13 से शिकस्त दी। वहीं, कोरिया के ना सुंग संग और वांग चान की जोड़ी ने चीनी ताइपे के लाई पो-यू और त्साई फू-चेंग के खिलाफ जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के अगले चरण में भारतीय खिलाड़ियों की निगाहें अब फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। विशेष रूप से महिला एकल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा के बीच होने वाला मुकाबला दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।