- केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 में खेले गए तीन मुकाबलों में रोमांचक जीत
कानपुर, 26 नवंबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए तीन मुकाबलों में राइडर्स क्लब, कानपुर इगलेट और बैचलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। राइडर्स क्लब ने नेशनल यूथ को तीन रन से, कानपुर इगलेट ने बीसीए क्लब को 29 रन से तथा बैचलर्स ने एनएए क्लब को 13 रन से पराजित किया।
### राइडर्स क्लब ने तीन रन से दर्ज की रोमांचक जीत
डीएवी मैदान पर खेले गए मुकाबले में राइडर्स क्लब ने नेशनल यूथ को तीन रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइडर्स क्लब की टीम 31.5 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। ओजस शुक्ला ने 35, मिशम अब्बास ने 28 और प्रियांशु ने 23 रन बनाए। नेशनल यूथ की ओर से आलोक साहू ने चार, धनेश चौहान ने तीन और मोहम्मद शारिम ने दो विकेट लिए।
जवाब में नेशनल यूथ की टीम 36 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई। मोहम्मद शारिम ने 61 और शिवम ने 50 रन की पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से तीन रन दूर रह गई। राइडर्स क्लब की ओर से आशुतोष वर्मा ने तीन, मिशम अब्बास ने तीन और कृष्णा मिश्रा ने दो विकेट झटके।
### कानपुर इगलेट ने बीसीए क्लब को 29 रन से हराया
पीएसी मैदान पर कानपुर इगलेट ने बीसीए क्लब को 29 रन से पराजित किया। कानपुर इगलेट ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट पर 194 रन बनाए। राजवीर ने 58, हनुमान सिंह ने 41, हसन रजा ने 37 और प्रखर सिंह ने 33 रन का योगदान दिया। बीसीए क्लब की ओर से सूरज सोनकर और शिवांश ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए क्लब की टीम 34.3 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। फरदीन अंसारी ने 59 और प्रीत भाटी ने 35 रन बनाए। कानपुर इगलेट की ओर से अर्श बजाज ने चार और राजवीर सिंह ने तीन विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
### बैचलर्स ने एनएए क्लब को 13 रन से दी शिकस्त
आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में बैचलर्स ने एनएए क्लब को 13 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैचलर्स की टीम 21.4 ओवर में 103 रन पर ऑलआउट हो गई। चन्द्रजीत ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। एनएए क्लब की ओर से ईशांत रावल ने चार और सत्यम सिंह ने तीन विकेट लिए।
जवाब में एनएए क्लब की टीम 20 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। कान्हा भाटिया ने 34 रन बनाए। बैचलर्स की ओर से सुनील कुशवाहा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए, जबकि अभय सिंह ने दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।