- वीमेंस चैंपियन लीग में स्पार्क इंटरनेशनल को छह विकेट से हराया
- आर०पी०सी०ए०, श्याम नगर में खेले गए मुकाबले में सौम्या पाल बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
कानपुर, 25 नवंबर।
वीमेंस चैंपियन लीग के अंतर्गत आर०पी०सी०ए०, श्याम नगर मैदान पर खेले गए मुकाबले में एवी फाउंडेशन ने स्पार्क इंटरनेशनल को छह विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। गेंदबाजी में अपूर्वा सिंह और सौम्या पाल के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजी में अपूर्वा ने नाबाद 42 रन की पारी खेली। सौम्या पाल को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

### स्पार्क इंटरनेशनल की टीम 104 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पार्क इंटरनेशनल की टीम 34.1 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आनंदी कश्यप और महक ने 17-17 रन बनाए। एवी फाउंडेशन की ओर से अपूर्वा सिंह ने दो रन देकर दो विकेट, सौम्या पाल ने 11 रन देकर दो विकेट और मीनू यादव ने 12 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
### अपूर्वा सिंह की नाबाद पारी से एवी फाउंडेशन को जीत
105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवी फाउंडेशन की टीम ने 27.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नेहा ने 14 रन बनाए, जबकि अपूर्वा सिंह ने नाबाद 42 रन और सौम्या पाल ने नाबाद 16 रन की पारी खेली। स्पार्क इंटरनेशनल की ओर से अंशिका तिवारी ने दो विकेट लिए।
एवी फाउंडेशन ने छह विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। सौम्या पाल को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।