- विशेष द्विवेदी और आगाज पाठक की घातक गेंदबाजी, आर्यमान राजपूत ने खेली नाबाद 85 रनों की पारी
कानपुर, 17 नवम्बर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में यूनिक क्लब और काउण्टी क्रिकेट क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। गीता देवी मैदान पर यूनिक क्लब ने गांधीग्राम क्लब को 163 रनों से हराया, जबकि वीएसएसडी कॉलेज मैदान पर काउण्टी क्रिकेट क्लब ने स्टार क्लब को छह विकेट से पराजित किया।
### विशेष और आगाज की गेंदबाजी से यूनिक क्लब की बड़ी जीत
गीता देवी, मंटोरा मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूनिक क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट पर 217 रन बनाए। उज्ज्वल पाण्डेय ने 75 और अक्षय शुक्ला ने 71 रनों की शानदार पारियां खेलीं। सिद्धार्थ पाण्डेय ने तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधीग्राम क्लब की टीम यूनिक के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 12.3 ओवर में महज 54 रनों पर सिमट गई। सैयद अस्तर अब्बास ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। विशेष द्विवेदी ने चार रन देकर चार विकेट और आगाज पाठक ने 31 रन देकर चार विकेट झटके। इस तरह यूनिक क्लब ने 163 रनों से मुकाबला अपने नाम किया।
### आर्यमान राजपूत की नाबाद पारी से काउण्टी क्लब जीता
वीएसएसडी कॉलेज मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में स्टार क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 34.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए। वैदिक दीक्षित ने 36, सौमित्र सिंह और ऋषभ गुप्ता ने 33-33 तथा खुशाल सक्सेना ने 27 रन बनाए। काउण्टी की ओर से राहुल वर्मा और नीरज यादव ने चार-चार विकेट तथा सर्वेश दुबे ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में काउण्टी क्रिकेट क्लब ने आर्यमान राजपूत की नाबाद 85 और सर्वेश दुबे की नाबाद 39 रनों की पारियों की मदद से 23.1 ओवर में चार विकेट पर 176 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शिव शंकर को एक विकेट मिला। काउण्टी क्रिकेट क्लब ने छह विकेट से जीत दर्ज की।
KDMA Cricket League, Unique Club, County Cricket Club, Special Dwivedi, Aagaaz Pathak, Aryaman Rajput, Unbeaten 85, Four Wickets, Six Wicket Victory, 163 Runs Victory.