- आधिकारिक सूची में 18 खिलाड़ी, लेकिन टीम के साथ रवाना कर दिए गए करीब 10 अतिरिक्त क्रिकेटर
- चयनकर्ताओं को भी नहीं पूरी जानकारी, टीम प्रबंधन के सामने खड़ा हुआ किसे खिलाएं और किसे बैठाएं का सवाल
- टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुछ खिलाड़ियों को मुख्य टीम में जगह के बजाय नेट बॉलर की भूमिका
भूपेंद्र।
कानपुर, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में इन दिनों मैदान पर प्रदर्शन से ज्यादा टीम चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों के चयन ने एक ऐसा असमंजस खड़ा कर दिया है, जिसने संघ की चयन प्रक्रिया और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधिकारिक तौर पर 18 खिलाड़ियों की टीम घोषित की गई, लेकिन सूत्रों के मुताबिक करीब 10 अतिरिक्त क्रिकेटर भी टीम के साथ रवाना कर दिए गए। ऐसे में टीम के साथ खिलाड़ियों की संख्या 28 तक पहुंचने की चर्चा है।
घरेलू क्रिकेट के जानकारों के मुताबिक, घोषित टीम के अतिरिक्त इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को साथ भेजे जाने का मामला असामान्य है। इस व्यवस्था ने यूपीसीए के भीतर भी असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। टीम प्रबंधन के सामने सवाल है कि आखिर उपलब्ध खिलाड़ियों में से किसे अंतिम एकादश में मौका दिया जाए और किसे बाहर बैठाया जाए। वहीं, चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
चयनकर्ताओं को ही नहीं पूरी जानकारी!
इस पूरे प्रकरण का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं को भी अतिरिक्त खिलाड़ियों के टीम के साथ जाने की जानकारी बाद में मिली। यदि आधिकारिक टीम चयनकर्ताओं की सहमति से घोषित हुई थी तो अतिरिक्त खिलाड़ियों को साथ भेजने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया? यह सवाल अब यूपीसीए के अंदर और क्रिकेट जगत में उठ रहा है।
चयनकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हैं। सूत्रों का दावा है कि कुछ खिलाड़ियों के चयन को लेकर प्रभावशाली लोगों की पसंद और दबाव की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने एक ओर चयन प्रक्रिया की मर्यादा बनाए रखने की चुनौती है तो दूसरी ओर संभावित नाराजगी का दबाव भी।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नेट बॉलर तक सीमित रखने पर सवाल
इस विवाद में उन खिलाड़ियों का मामला भी चर्चा में है, जिन्होंने टी-20 लीग में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया, लेकिन उन्हें मुख्य टीम में जगह देने के बजाय नेट बॉलर की भूमिका में रखा गया। दूसरी ओर, कुछ ऐसे खिलाड़ियों को भी टीम के साथ भेजे जाने की बात सामने आई है, जिनके चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या प्रदर्शन के आधार पर चयन को प्राथमिकता दी गई या फिर अन्य समीकरण भी इस पूरी प्रक्रिया में प्रभावी रहे? यदि अतिरिक्त खिलाड़ियों को टीम के साथ भेजना जरूरी था तो इसकी आधिकारिक जानकारी और चयन का आधार स्पष्ट क्यों नहीं किया गया?
यूपीसीए की चुप्पी से बढ़ा असमंजस
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब 18 खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी की गई तो उसके अतिरिक्त करीब 10 खिलाड़ियों को टीम के साथ भेजने का निर्णय किसका था? क्या इन खिलाड़ियों को अतिरिक्त विकल्प के तौर पर रखा गया है या इनके लिए कोई अलग व्यवस्था बनाई गई है? चयन समिति की जानकारी और सहमति के बिना ऐसा फैसला हुआ है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?
इस संबंध में यूपीसीए का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी से कार्यालय जाकर और टेलीफोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।