60 वर्ष की उम्र में भी रफ्तार बरकरार, राकेश चतुर्वेदी ने Lucknow Run में जीता स्वर्ण पदक

 

  • 10 किलोमीटर दौड़ में 60+ पुरुष वर्ग में हासिल किया पहला स्थान, 2007 से लगातार कर रहे हैं रनिंग का अभ्यास

 

लखनऊ, 4 नवंबर।

उम्र के बढ़ते पड़ाव को अपनी राह का रोड़ा न बनने देते हुए लखनऊ के राकेश कुमार चतुर्वेदी ने 8वीं Lucknow Run 2026 में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। एक नवंबर को द सेंटरम ग्रुप की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने यह दूरी 1 घंटा 47 सेकंड में पूरी की। प्रतियोगिता में उनकी ओवरऑल रैंक 52 रही।

2007 से लगातार कर रहे हैं दौड़ का अभ्यास

राकेश कुमार चतुर्वेदी वर्ष 2007 से नियमित रूप से दौड़ने का अभ्यास कर रहे हैं। खास बात यह है कि वह किसी विशेष संस्था या रनिंग क्लब से जुड़े हुए नहीं हैं। व्यक्तिगत अनुशासन, नियमित अभ्यास और खुद को फिट रखने के संकल्प के साथ वह विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि लंबे समय से जारी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।

SBI Green Marathon में भी किया था बेहतर प्रदर्शन

इस वर्ष राकेश चतुर्वेदी ने 11 अक्टूबर को आयोजित SBI Green Marathon में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। इसमें उन्होंने 60+ पुरुष आयु वर्ग में चौथा स्थान हासिल किया। इसके कुछ ही दिनों बाद Lucknow Run 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया।

पत्नी के प्रोत्साहन को दिया सफलता का श्रेय

राकेश कुमार चतुर्वेदी ने अपनी सफलता का श्रेय पत्नी को देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने विशेष रूप से प्रेरित किया। पत्नी के प्रोत्साहन और सहयोग से उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह मिला। उनका मानना है कि परिवार का साथ और सकारात्मक सोच किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राकेश चतुर्वेदी की उपलब्धि यह संदेश देती है कि फिटनेस और खेल के प्रति जुनून के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। नियमित व्यायाम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन के हर पड़ाव पर नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।

 

Leave a Comment