- 43वीं राज्य स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में कानपुर का शानदार प्रदर्शन, शिववर्धन लोहिया ने छह कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव
- 35 साल बाद जिमनास्टिक में कानपुर को मिला स्वर्ण पदक
कानपुर, 4 नवंबर।
शहर के जिमनास्टिक खेल जगत के लिए गौरव का क्षण है। 35 साल बाद कानपुर की झोली में जिमनास्टिक का स्वर्ण पदक आया है। प्रयागराज के खेलगांव पब्लिक स्कूल में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित 43वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में कानपुर की नंदिनी अग्रवाल देसाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्लोर एक्सरसाइज में गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने अनइवन बार स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर शहर का मान बढ़ाया।

शिववर्धन ने छह कांस्य पदक जीतकर दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में कानपुर नगर के शिववर्धन लोहिया ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फ्लोर एक्सरसाइज, रोमन रिंग्स, वॉल्टिंग टेबल, हॉरिजॉन्टल बार और पैरेलल बार में कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऑलराउंड कैटेगरी में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस तरह शिववर्धन ने कुल छह कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रशिक्षकों की मेहनत लाई रंग
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे प्रशिक्षक मनोज रावत और मोनिका कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। नंदिनी के स्वर्ण पदक और शिववर्धन के छह कांस्य पदकों ने कानपुर में जिमनास्टिक के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जगाई है।