- बालक वर्ग में स्कॉलर मिशन स्कूल बैकुंठपुर ने डस्ट इंटर कॉलेज को 2-0 से हराया, बालिका वर्ग में फातिमा कॉन्वेंट ने ऑक्सफोर्ड स्कूल को 2-1 से दी शिकस्त
- दो दिवसीय प्रतियोगिता में 28 विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा, लगभग 135 खिलाड़ी हुए शामिल
कानपुर 25 अक्टूबर।
सीएचएस गुरुकुलम स्कूल, मेहरबान सिंह का पुरवा, तात्या टोपे नगर, कानपुर नगर में 23 एवं 24 अक्टूबर को आयोजित ओपन इंटर स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन शनिवार को फाइनल एवं तृतीय स्थान के मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में स्कॉलर मिशन स्कूल, बैकुंठपुर, बिठूर रोड तथा बालिका वर्ग में फातिमा कॉन्वेंट, अशोक नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

बालक वर्ग में स्कॉलर मिशन स्कूल की जीत
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्कॉलर मिशन स्कूल, बैकुंठपुर, बिठूर रोड ने डस्ट इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में फातिमा कॉन्वेंट, अशोक नगर ने ऑक्सफोर्ड स्कूल, श्याम नगर को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

तीसरे स्थान पर रहे ये विद्यालय
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 10 इंटरेस्ट स्कूल, रतनलाल नगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
28 विद्यालयों के लगभग 135 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 16 और बालिका वर्ग के 12 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में लगभग 135 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्यों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योति विज तथा कानपुर सहोदय की अध्यक्ष एवं स्कॉलर मिशन स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. रीता सक्सेना ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर बल दिया।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे सीएचएस गुरुकुलम स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा।