कानपुर के छह निशानेबाजों ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

 

  • भोपाल में आयोजित इंडिया ओपन पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, महज 7-8 महीने के अभ्यास में हासिल की राष्ट्रीय स्तर पर जगह
  • जूनियर वर्ग में रुद्र प्रताप सिंह ने यूपी में पहला और देश में सातवां स्थान हासिल कर बढ़ाया कानपुर का मान

 

कानपुर, 24 अक्टूबर।

शहर के निशानेबाज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। भोपाल में हाल ही में संपन्न हुई इंडिया ओपन पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी के छह निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों ने महज सात से आठ महीने के अभ्यास में यह उपलब्धि हासिल की है।

 पिस्टल और राइफल वर्ग में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

अकादमी के कोच अमर निगम के अनुसार, पिस्टल वर्ग में रुद्र प्रताप सिंह ने 400 में से 374 अंक, उत्कर्ष कटियार ने 362, कनिष्क श्रीवास्तव ने 360 और अंशिका यादव ने 351 अंक हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। वहीं, राइफल वर्ग में कार्तिक कुमार ने 400 में से 386.3 अंक और संस्कार ओमर ने 374 अंक प्राप्त कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

रुद्र प्रताप सिंह ने हासिल की देश में सातवीं रैंक

प्रतियोगिता में रुद्र प्रताप सिंह का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने 400 में से 374 अंक हासिल करते हुए जूनियर वर्ग में उत्तर प्रदेश में पहला और पूरे देश में सातवां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि को अकादमी के साथ-साथ कानपुर के खेल जगत के लिए भी बड़ी सफलता माना जा रहा है।

अकादमी के पांच अन्य निशानेबाज भी पहले ही कर चुके हैं क्वालीफाई

कोच अमर निगम ने बताया कि इसी वर्ष अकादमी के पांच अन्य निशानेबाज उत्कर्ष सिंह, विनायक पाठक, वात्सल्य त्रिपाठी, तेजस भदौरिया और अनुराधा भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित हो चुके हैं। इस तरह अकादमी के खिलाड़ियों ने निशानेबाजी के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है।

दिसंबर की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए तैयारी तेज

कोच अविरल निगम ने बताया कि दिसंबर में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ी अभी से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। खिलाड़ी पढ़ाई के साथ-साथ निशानेबाजी का नियमित अभ्यास कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर अपने परिवार, अकादमी और कानपुर नगर का नाम रोशन कर सकें।

अकादमी की ट्रेजरर शुभा निगम, डायरेक्टर शहनूर रहमान और ज्वाइंट डायरेक्टर मिनी सिंह ने सभी निशानेबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Comment