- शिहान बाबुल वर्मा ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
कानपुर, 30 अगस्त ।
इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एंड कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में रविवार को रुचि गेस्ट हाउस, बर्रा बाईपास में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन के फाउंडर एवं महासचिव शिहान बाबुल वर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
खिलाड़ियों को ऊंचे स्तर पर पदक जीतने के लिए किया प्रेरित
समारोह को संबोधित करते हुए शिहान बाबुल वर्मा ने खिलाड़ियों से कहा कि वे निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाएं तथा कराटे के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि फेडरेशन खिलाड़ियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
खिलाड़ियों को उपकरण और अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन
फेडरेशन के संयुक्त सचिव योगेन्द्र कुमार शर्मा और उपाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए संगठन की ओर से कराटे खेल में उपयोग होने वाले आवश्यक इक्यूपमेंट एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इन पदाधिकारियों और खिलाड़ियों की रही मौजूदगी
समारोह में फेडरेशन के संयुक्त सचिव योगेन्द्र कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अजय कुमार, कोषाध्यक्ष शालिनी गुप्ता, सेन्सई राखी कश्यप, वरिष्ठ सदस्य चंदन कुमार, आकाश कुमार, सुरेश वर्मा, प्रिया सविता और हंशिका गौरव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों अथर्ववीर, आशुतोष गुप्ता, आनंद राजपूत, तनिष्क वर्मा, ध्रुव शर्मा, देवाशीष शर्मा, लक्ष्मीपाल, सृष्टि पाल, पलक दिवाकर, संकल्प गौर, भेविन भट्ट, सृजल पाल, संस्कृति, शौर्य तिवारी, वर्तिका वर्मा, अभिजीत परिहार, आर्यन बंधु तिवारी, आराध्या तिवारी, आयुष तिवारी, तान्या गौतम, नैतिक कुमार, आर्य सिंह और साक्षी समेत कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में फेडरेशन पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कराटे खेल को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।