- यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की 28वीं आम सभा में नई कार्यकारिणी का गठन
- डॉ. आई.एम. रोहतगी अध्यक्ष, गिरीश कपूर सचिव और विजय दीक्षित कोषाध्यक्ष चुने गए
कानपुर, 30 अगस्त।
उत्तर प्रदेश वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की 28वीं आम सभा रविवार को कानपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों, चैंपियनशिप के आयोजन और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। आम सभा में सर्वसम्मति से डॉ. आई.एम. रोहतगी को अध्यक्ष, गिरीश कपूर को सचिव तथा विजय दीक्षित को कोषाध्यक्ष चुना गया।
36 जिलों की टीमें लेंगी हिस्सा
एसोसिएशन के सचिव गिरीश कपूर ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 36 जिले वेटरन्स क्रिकेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। इनमें वाराणसी, प्रयागराज (इलाहाबाद), सोनभद्र, गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती, गोंडा, मऊ, कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, हरदोई, बांदा, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, बरेली, लखीमपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हाथरस, एटा, मथुरा, आगरा, इटावा और संभल शामिल हैं।
लीग कम नॉकआउट आधार पर होगी चैंपियनशिप
इस वर्ष भी चैंपियनशिप डॉ. गौरहरि सिंघानिया के नाम से आयोजित की जाएगी। 36 जिलों में होने वाली यह प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी। चैंपियनशिप का आयोजन 4 अक्टूबर से 24 जनवरी तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए आठ कॉर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। इनमें ओ.पी. कोहली (बरेली), अमारूद्दीन (बिजनौर), विनय सिंह (गोरखपुर), राजेश शर्मा (हाथरस), जफर आलम (कानपुर), प्रदीप गुप्ता (बांदा), सोमेश्वर पांडेय (प्रयागराज) और नीलमणि द्विवेदी (जी.बी. नगर) शामिल हैं।
जनवरी में कानपुर में होगा फाइनल
चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला जनवरी में कानपुर में खेला जाएगा। विजेता टीम को एक लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मार्च में होगी जे.के. मैक्स रमा मिश्रा चैलेंजर ट्रॉफी
चैंपियनशिप के बाद मार्च में जे.के. मैक्स रमा मिश्रा चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। चार टीमों वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का चयन चैंपियनशिप के लीग मुकाबलों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। टीमों के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा को सौंपी गई है।
36 जिलों के पदाधिकारियों और संरक्षकों का सम्मान
आम सभा के उपरांत सभी 36 जिलों के अध्यक्षों एवं सचिवों तथा यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के पैट्रन्स को मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. आई.एम. रोहतगी ने आम सभा में शामिल सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में प्रमुख रूप से एसोसिएशन के पैट्रन्स योगेश अग्रवाल, संजीव पाठक, सुरेंद्र गुप्ता, दीपक खेमका, संजीव दीक्षित, डॉ. अभिषेक गुप्ता, चंद्रमौलि भारद्वाज, अमिताभ गुप्ता और जितेंद्र अवस्थी सहित डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, नवल कपूर, अनुराग कपूर, राजेश शर्मा, गोपाल शर्मा, विवेक जॉन, राहुल सप्रू, शशिकांत खांडेकर, विकास मिश्रा, मनीष मालवीय, तरुण कपूर, राजेश सिंह, अनिल राय, एस.एन. सिंह, कौशल सिंह, दिनेश कटियार, जय बजाज, अनिल आनन्द, हिमांशू तिवारी आदि उपस्थित रहे।