- यूपी टी-20 के कानपुर चरण में ‘इंद्र देव’ बनाम यूपीसीए का मुकाबला
- आसमान से पिच तक रोमांच, बारिश के तेवरों से यूपीसीए परेशान
अशोक सिंह
कानपुर, 28 अगस्त।
यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के कानपुर चरण का रोमांच शुरू होने से पहले ही ग्रीनपार्क में एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। मैदान पर खिलाड़ी उतरने से पहले ही ‘इंद्र देव’ और यूपीसीए आमने-सामने हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम जिस अंदाज में करवट बदल रहा है और बारिश अपने तेवर दिखा रही है, उसने यूपीसीए की तैयारियों की परीक्षा शुरू कर दी है।
हालांकि यूपीसीए ने भी इस मुकाबले के लिए पूरी कमर कस ली है। ग्रीनपार्क में मैदान और पिच को तैयार रखने के लिए करीब 100 कर्मचारियों की टीम मैदान में उतारी गई है। बारिश का पानी निकालने के लिए आठ मोटर पंप लगाए गए हैं, जबकि पिच और मैदान के अहम हिस्सों को तिरपाल से ढककर रखा गया है। यानी यूपीसीए ने अपनी तरफ से ‘डिफेंस’ मजबूत कर लिया है, लेकिन असली चुनौती आसमान से मिल रही है।
टॉस कोई भी जीते, ‘ओपनिंग’ के लिए इंद्र देव तैयार
ग्रीनपार्क में अभ्यास के दौरान मौसम ने जिस तरह अचानक करवट बदली और बारिश ने तेवर दिखाए, उससे क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। हालात ऐसे हैं कि टॉस कोई भी जीते, ओपनिंग के लिए इंद्र देव पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि शाम तक मौसम किसका साथ देता है। क्रिकेट प्रेमी मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश देखना चाहते हैं, जबकि यूपीसीए फिलहाल आसमान से होने वाली बारिश को रोकने की जद्दोजहद में जुटा है।
यूपीसीए ने झोंकी पूरी ताकत
यूपी टी-20 के कानपुर चरण को सफल बनाने के लिए यूपीसीए की ओर से मैदान की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। पिच से लेकर आउटफील्ड तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है। बारिश की स्थिति में पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से भी ग्रीनपार्क और आसपास सफाई, बिजली तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया है, ताकि मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
28 अगस्त से छह सितंबर तक क्रिकेट का रोमांच
ग्रीनपार्क में यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों का रोमांच 28 अगस्त से शुरू होकर छह सितंबर तक जारी रहेगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस दौरान रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है। हालांकि पहले ही दिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि मैदान पर बल्लेबाज और गेंदबाज आमने-सामने होंगे या फिर एक बार फिर ‘इंद्र देव’ ही मैन ऑफ द मैच बनने की कोशिश करेंगे।
फिलहाल ग्रीनपार्क में मुकाबला दिलचस्प है। यूपीसीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और इंद्र देव अपने तेवरों के साथ तैयार हैं। अब शाम को तय होगा कि बाजी किसके हाथ लगती है।