- प्रांतीय बैडमिंटन एवं चेस प्रतियोगिता में विद्यालय का शानदार प्रदर्शन
- बैडमिंटन और चेस में 23 खिलाड़ी बने पदक विजेता, 15 बैडमिंटन और 8 चेस खिलाड़ियों का क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन
कानपुर, 22 अगस्त।
विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित प्रांतीय बैडमिंटन एवं चेस प्रतियोगिता-2026 में जय नारायण विद्या मंदिर, कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक हासिल किए और विद्यालय को ओवरऑल विजेता का खिताब दिलाया। बैडमिंटन और चेस दोनों खेलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। बैडमिंटन प्रतियोगिता 20 और 21 अगस्त को अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर, झांसी में आयोजित हुई, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 15 खिलाड़ियों का चयन क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 4 से 7 सितंबर तक बस्ती में आयोजित होगी।

बैडमिंटन में अंडर-14 बालक वर्ग में श्रेयस झा ने प्रथम और अंशुमन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में कनिका सुचारी प्रथम और अपेक्षा कठेरिया द्वितीय रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में दिव्यांशु पटेल चतुर्थ तथा बालिका वर्ग में श्रेया राय तृतीय और स्मिता कुशवाहा चतुर्थ रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में आयुष राजपूत प्रथम, दिव्यांशु सोनकर द्वितीय और शिवांग पटेल चतुर्थ रहे। बालिका वर्ग में सिद्धि झा प्रथम, सलोनी कठेरिया द्वितीय, जानवी मिश्रा तृतीय और वैभवी सिंह परिहार चतुर्थ रहीं। वहीं चेस में अंडर-14 वर्ग में आर्यांश ने स्वर्ण और आयुष पाल ने रजत, जबकि अंडर-19 वर्ग में उदयवीर यादव ने स्वर्ण पदक जीता।
क्षेत्रीय चेस प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें अंडर-14 बालक वर्ग से युग तिवारी, अंडर-17 बालिका से दिशा, अंडर-17 बालक से गौरव सिंह तथा अंडर-19 बालक वर्ग से मृदुल शर्मा और शाश्वत शामिल हैं। क्षेत्रीय चेस प्रतियोगिता 30 अगस्त से 2 सितंबर तक लखीमपुर में होगी। विजेता खिलाड़ियों को प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय अध्यक्ष विनीत चंद्र, प्रबंधक प्रो. सुनील मिश्रा, प्रधानाचार्य अनिल त्रिपाठी और उप प्रधानाचार्य डॉ. नमिता गुप्ता ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी। प्रशिक्षक आशुतोष सत्यम झा और विशाल यादव के योगदान की भी सराहना की गई।