U-17 में गुजरात के विवान और महाराष्ट्र की दिव्यांशी ने जीते खिताब

 

 

  • यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का सातवां दिन
  • विवान दवे ने अथर्व नावरंगे और दिव्यांशी भौमिक ने अनन्या मुरलीधरन को हराकर हासिल की स्वर्णिम सफलता

 

कानपुर, 22 अगस्त।

द स्पोर्ट्स हब में चल रही यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के सातवें दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में गुजरात के विवान दवे और बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया।

बालक वर्ग के फाइनल में विवान दवे ने कर्नाटक के अथर्व नावरंगे को कड़े संघर्ष में 8-11, 11-8, 11-9, 9-11, 11-4 से पराजित किया। अथर्व ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन विवान ने लगातार दो गेम जीतकर बढ़त बना ली। चौथे गेम में अथर्व ने वापसी करते हुए मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। निर्णायक पांचवें गेम में विवान ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए 11-4 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया।

बालिका वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 11-6, 9-11, 12-10, 11-3 से हराया। दिव्यांशी ने पहला गेम जीतकर बढ़त बनाई, जबकि अनन्या ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबला बराबर किया। तीसरे गेम में दोनों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ, जिसमें दिव्यांशी ने 12-10 से बाजी मारकर निर्णायक बढ़त हासिल की। चौथे गेम में उन्होंने शानदार नियंत्रण के साथ 11-3 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

सेमीफाइनल में विवान दवे ने तमिलनाडु के विश्रुत रामकृष्णन को 11-7, 10-12, 11-8, 11-7 से तथा अथर्व नावरंगे ने महाराष्ट्र के प्रतीक तुलसानी को 7-11, 11-6, 11-7, 11-8 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में दिव्यांशी भौमिक ने पश्चिम बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती को 14-12, 11-8, 11-4 से पराजित किया। वहीं, अनन्या मुरलीधरन ने महाराष्ट्र की नैशा रेवास्कर को बेहद रोमांचक मुकाबले में 5-11, 16-14, 11-9, 10-12, 11-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

प्रतियोगिता के सातवें दिन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं आठ बार की राष्ट्रीय चैंपियन इंदु पुरी, द्रोणाचार्य अवार्डी संदीप गुप्ता, UPTTA के चेयरमैन संजीव पाठक, सचिव अरुण बेनर्जी, अंकित गुप्ता, पीयूष अग्रवाल और संजय टंडन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अंडर-17 मुकाबलों के समापन के बाद अब प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला एकल के मुख्य ड्रॉ तथा अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों पर नजरें रहेंगी। प्रतियोगिता के सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। समापन समारोह शाम छह बजे आयोजित होगा, जिसमें TTFI के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

 

Leave a Comment