- अरमापुर स्टेडियम में चयन ट्रायल सम्पन्न, चयनित खिलाड़ी प्रयागराज में दिखाएंगे दमखम
कानपुर, 20 अगस्त।
61वीं जूनियर उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स मीट के लिए कानपुर की टीम घोषित कर दी गई है। खिलाड़ियों के चयन के लिए अरमापुर स्थित आरमारीना स्टेडियम में चयन ट्रायल आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ी आगामी 23 से 25 अगस्त तक प्रयागराज स्थित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुए चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न आयु वर्गों की टीम का चयन किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-18 वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
बालिका वर्ग में चयनित खिलाड़ी
अंडर-14 बालिका वर्ग में वैभव अग्निहोत्री का चयन हुआ। अंडर-16 बालिका वर्ग में तान्या सैनी, लक्ष्मी यादव, साध्वी शुक्ला और भूमि पाण्डेय को टीम में जगह मिली। वहीं अंडर-18 बालिका वर्ग में पान्वी अवस्थी कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बालक वर्ग में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
अंडर-14 बालक वर्ग में अभीम त्रिपाठी, विराट, कृष्णा और रुद्रा का चयन किया गया है। अंडर-16 बालक वर्ग में उत्कर्ष सिंह तथा अंडर-18 वर्ग में विदित सैनी टीम का हिस्सा होंगे।
चयन ट्रायल के दौरान जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेश चौधरी, रमेश मिश्रा, आर.के. शुक्ला और विकास सैनी के अलावा एथलेटिक्स एसोसिएशन के अन्य सदस्य और खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
अब चयनित खिलाड़ियों की निगाहें प्रयागराज में होने वाली प्रतियोगिता पर हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कानपुर के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे।