- प्रदेशीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता में बालिका टीम का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण पदक विजेताओं का SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
लखनऊ, 20 अगस्त।
70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हॉल, लखनऊ में किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कानपुर मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय ट्रॉफी अपने नाम की।
कानपुर मंडल की बालिका टीम ने प्रतियोगिता में विशेष प्रभाव छोड़ा। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। टीम के प्रदर्शन में अंडर-17 बालिका वर्ग का दबदबा रहा, जहां खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक हासिल किए।
U-19 बालिका वर्ग में 52 किग्रा भार वर्ग में मान्या गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 56 किग्रा में रिया निषाद ने रजत पदक हासिल किया। U-17 बालिका वर्ग में 40 किग्रा भार वर्ग में सानिया, पाखी सक्सेना और दीपली वर्मा ने स्वर्ण पदक जीते। इसी वर्ग में आराध्या सिंह ने रजत और गौरवी ने कांस्य पदक हासिल किया।
U-14 बालिका वर्ग में श्रद्धा यादव और श्रृष्टि ने रजत पदक जीते, जबकि विधि द्विवेदी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। बालक वर्ग में भी कानपुर मंडल के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। U-14 में अक्ष और अविरल पाठक ने रजत पदक जीते। U-17 में यश निगम ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं U-19 वर्ग में उज्ज्वल कश्यप और हिमांशु ने कांस्य पदक जीते।
कानपुर मंडल की टीम ने यह सफलता टीम कोच अविचल पाठक के मार्गदर्शन में हासिल की। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन SGFI National Competition के लिए किया गया है। इससे कानपुर मंडल के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और अब राष्ट्रीय स्तर पर उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर जनपद सचिव सत्य प्रकाश तिवारी एवं मंडल सचिव अनुराग मिश्रा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है कि कानपुर मंडल ने प्रदेश स्तर पर गौरव हासिल किया है।
कानपुर मंडल की इस उपलब्धि से जिले और मंडल का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने आगामी SGFI National Karate Competition के लिए भी उम्मीदें बढ़ा दी हैं।