- 3 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह
कानपुर, 20 अगस्त।
ला मार्टिनियर कॉलेज, लखनऊ में 18 और 19 अगस्त को आयोजित CISCE बोर्ड की राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। द चिनटल्स स्कूल, रतन लाल नगर के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ सभी सफल खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बालिका वर्ग में द चिनटल्स स्कूल की सियोना कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल किए। वहीं बालक वर्ग में सौरभ कुमार ने एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा अयांश सिंह सचान और अमनदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-एक कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता में शहर के अन्य विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वीरेंद्र स्वरूप कैंट की अनविका अग्रवाल ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। वीरेंद्र स्वरूप गोविंद नगर की इशानी मित्तल ने रजत पदक हासिल किया, जबकि कनिष्क शुक्ला चौथे स्थान पर रहे। सेंट फ्रांसिस हाई स्कूल के अभिनव मिश्रा और श्रेष्ठ वर्मा ने भी रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
अब राष्ट्रीय स्तर पर कानपुर के इन प्रतिभाशाली तीरंदाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। बालिका वर्ग की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 17 से 19 सितंबर तक फ्यूचर किड्स स्कूल, आंध्र प्रदेश में आयोजित होगी। वहीं बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 25 सितंबर तक हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, कोलकाता में खेली जाएगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर द चिनटल्स स्कूल के चेयरपर्सन अनुराग विज, प्रधानाचार्या नंदिता तथा कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय और कानपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Archery, CISCE, State Level Archery Championship, National Archery Championship, The Chintels School, Kanpur Archery Association, Lucknow, Silver Medal, Bronze Medal, National Championship