- ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा 7-ए-साइड मुकाबला, पहले पंजीकरण कराने वाली 16 टीमों को मिलेगा मौका
- विजेता और उपविजेता टीमों को मिलेंगे नकद पुरस्कार, दिवंगत फुटबॉल खिलाड़ियों की स्मृति में होगा आयोजन
कानपुर, 20 अक्टूबर।
जिला फुटबॉल संघ, कानपुर के तत्वावधान में आगामी 25 अक्टूबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्व. काली चरन एवं स्व. दिनेश कुमार मेमोरियल ‘सद्भावना कप’ 7-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य कानपुर के दिवंगत फुटबॉल खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही उनके योगदान और खेल के प्रति समर्पण को याद करना है।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव अजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पहले पंजीकरण कराने वाली 16 टीमों को ही प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
दिवंगत खिलाड़ियों की स्मृति में आयोजन
प्रतियोगिता के आयोजक आर.डी. पॉल एवं रईस अहमद जाफरी ने बताया कि स्व. काली चरन परमट फुटबॉल क्लब से जुड़े रहे और उन्होंने कानपुर में फुटबॉल खेल तथा खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, स्व. दिनेश कुमार खेल विभाग में क्रीड़ा अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे। एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान थी।
फुटबॉल की प्रतिभाओं को सम्मान देने की पहल
आयोजकों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कानपुर ने फुटबॉल जगत की कई अनमोल प्रतिभाओं को खोया है। ऐसे खिलाड़ियों की स्मृतियों को संजोने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से सद्भावना कप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता फुटबॉल के प्रति समर्पित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के योगदान को याद करने के साथ ही खेल भावना, आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगी।
22 अक्टूबर तक पंजीकरण, 23 को बनेगा फिक्स्चर
प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमें 22 अक्टूबर तक अपना पंजीकरण करा सकती हैं। प्रतियोगिता का फिक्स्चर 23 अक्टूबर को तैयार किया जाएगा। पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए टीमें अमित वर्मा और सुधाकर यादव से संपर्क कर सकती हैं।