सुहानी-अमीषा की गेंदों का कहर, विधि ने बल्ले से दिखाया दम

 

 

  • स्टेट अंडर-19 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल ने हासिल किया तीसरा स्थान
  • एएस क्रिकेट एकेडमी की तीनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया कानपुर का मान
  • भारतीय टीम में जगह बनाकर देश का प्रतिनिधित्व करना है तीनों खिलाड़ियों का लक्ष्य

 

कानपुर, 19 अक्टूबर।

गेंदबाजी में धार और बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन के दम पर कानपुर की बेटियों ने 70वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मुरादाबाद में संपन्न प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि में एएस क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण लेने वाली सुहानी तिवारी, अमीषा गौतम और विधि जायसवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सुहानी-अमीषा ने गेंदबाजी से किया प्रभावित

तेज गेंदबाज सुहानी तिवारी और अमीषा गौतम ने दो मैचों में कुल आठ विकेट झटककर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया। दोनों ने विपक्षी टीमों के बल्लेबाजों को दबाव में रखा और उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उनके प्रदर्शन ने कानपुर मंडल की टीम को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

विधि ने बल्ले से दिखाई प्रतिभा

वहीं, विधि जायसवाल ने बल्लेबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। तीनों खिलाड़ी पढ़ाई के साथ क्रिकेट में भी लगातार मेहनत कर रही हैं। उनका लक्ष्य भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर देश का प्रतिनिधित्व करना है।

कोच के मार्गदर्शन में निखर रहा खेल

तीनों खिलाड़ी एनआईएस और मेजर ध्यानचंद क्रिकेट स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई के पूर्व कोच प्रमोद पाटिल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच पूजा पाटिल उनकी फिटनेस पर विशेष ध्यान दे रही हैं। पूजा पाटिल के अनुसार, तीनों खिलाड़ियों में सीखने की ललक, अनुशासन और आगे बढ़ने का जज्बा है। नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ वे भविष्य में बेहतर मुकाम हासिल कर सकती हैं।

एकेडमी का प्रयास खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के साथ उनकी फिटनेस और खेल कौशल को निखारना भी है, ताकि वे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

Leave a Comment