- CISCE यूपी रीजनल आर्चरी चैंपियनशिप में दो रजत और चार कांस्य पदक जीते, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाए जगह
कानपुर, 20 अगस्त।
साउथ सिटी पब्लिक स्कूल के तीरंदाजों ने CISCE UP रीजनल आर्चरी चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। लखनऊ स्थित ला मार्टिनियर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने दो रजत और चार कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों ने सितंबर में होने वाली CISCE राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी स्थान सुनिश्चित किया।
अंडर-17 इंडियन राउंड में सूर्यांश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल किए। वहीं अंडर-14 इंडियन राउंड में गार्विका, अंडर-14 कंपाउंड राउंड में यश शुक्ला, अंडर-19 रिकर्व राउंड में आर्यन यादव और अंडर-14 रिकर्व राउंड में उत्कर्ष ने एक-एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों और विद्यालय परिवार में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कविता खन्ना ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए कोच युवराज सिंह की भी सराहना की।
प्रधानाचार्या ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती ममता त्रिपाठी ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।