अंडर-13 में रोमांचक मुकाबले, पांच गेम के संघर्ष के बाद अरुणिम अग्रवाल सेमीफाइनल में

 

  • प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026

 

कानपुर, 18 अगस्त।

द स्पोर्ट्स हब (TSH), कानपुर में चल रही यूटीटी प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। अंडर-13 बालक वर्ग में दिल्ली के अरुणिम अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती को पांच गेम तक चले कड़े मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

प्रतियोगिता में मंगलवार को मुख्य अतिथि के रूप में आगरा की बीना लवानिया मौजूद रहीं। इस दौरान UPTTA चेयरमैन संजीव पाठक और सचिव अरुण बनर्जी भी उपस्थित रहे।

पांच गेम तक चला अरुणिम और देबांशु का मुकाबला

अंडर-13 बालक वर्ग के सबसे रोमांचक Quarter Final में अरुणिम अग्रवाल ने देबांशु चक्रवर्ती को 5-11, 13-11, 11-3, 9-11, 11-9 से हराया। दोनों खिलाड़ियों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला और मुकाबला निर्णायक पांचवें गेम तक पहुंचा। अंतिम गेम में अरुणिम ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और जीत दर्ज कर Semi Final में प्रवेश किया।

पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने तमिलनाडु के एच. तनीष को 11-6, 15-13, 11-7 से हराया। राजदीप बिस्वास ने महाराष्ट्र के अधिराज चौहान को 11-4, 11-6, 13-11 से मात दी। वहीं पश्चिम बंगाल के जेम महालनाबिश ने PSPBA के रयान बोर्थाकुर को 11-7, 11-6, 10-12, 11-8 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

बालिका वर्ग में महिका ने दो बार पिछड़कर की वापसी

अंडर-13 बालिका वर्ग में असम की दिविजा पॉल ने उत्तर प्रदेश की पेहल गुप्ता को 11-8, 6-11, 11-9, 13-11 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

महाराष्ट्र की महिका सुस्वीरकर और केशिका पुरकर के बीच मुकाबला भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा। दो बार पिछड़ने के बाद महिका ने शानदार वापसी करते हुए 8-11, 11-4, 7-11, 11-6, 11-8 से जीत दर्ज की।

असम की ईशानी गोगोई ने पश्चिम बंगाल की आराध्या डे सरकार को 11-4, 11-8, 11-3 से हराया। वहीं दिल्ली की ख्याति पांडे ने उत्तर प्रदेश की अनिष्का गुप्ता को 11-9, 11-8, 11-6 से पराजित कर अंतिम चार में स्थान बनाया।

यूपी के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता के Knockout Stage में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पेहल गुप्ता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र की वेदिका जायसवाल को 11-7, 11-5, 11-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

वहीं अनिष्का गुप्ता ने महाराष्ट्र की आद्या बाहेती को 12-10, 15-13, 8-11, 11-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि क्वार्टर फाइनल में दोनों खिलाड़ियों का सफर समाप्त हो गया, लेकिन उनके प्रदर्शन ने उत्तर प्रदेश की युवा टेबल टेनिस प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

19 अगस्त को सेमीफाइनल और फाइनल

चैंपियनशिप में अंडर-11 और अंडर-13 बालक-बालिका वर्ग के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 19 अगस्त को खेले जाएंगे। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा। वहीं अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले जारी हैं और मुख्य ड्रॉ के मुकाबले भी 19 अगस्त से शुरू होंगे।

अंडर-13 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में अरिव दत्ता, राजदीप बिस्वास, अरुणिम अग्रवाल और जेम महालनाबिश खिताब की ओर कदम बढ़ाने के लिए चुनौती पेश करेंगे।

अंडर-13 बालिका वर्ग में दिविजा पॉल, ईशानी गोगोई, महिका सुस्वीरकर और ख्याति पांडे के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

Leave a Comment