केसीसीएल मॉनसून कप: त्रिभुवन के ‘सिक्सर’ से अल्फा प्रिडेटर्स की रोमांचक जीत, कैरिबियन ब्लूज ने चैलेंजर्स को हराया

 

 

  • बीसीए गंगा बैराज में खेले गए लीग मुकाबलों में दिखा रोमांच, त्रिभुवन दीक्षित ने 11 रन देकर झटके छह विकेट

 

कानपुर, 17 अगस्त।

केसीसीएल मॉनसून कप 2026 के लीग मुकाबलों में रविवार को बीसीए गंगा बैराज मैदान पर रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। पहले मुकाबले में त्रिभुवन दीक्षित की घातक गेंदबाजी के दम पर अल्फा प्रिडेटर्स ने बंसीवाला इनक्रेडिबल्स को 9 रन से शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में कैरिबियन ब्लूज ने चैलेंजर्स इलेवन केएसपीएल को दो विकेट से हराया।

अल्फा प्रिडेटर्स ने बनाए 175 रन

पहले मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए अल्फा प्रिडेटर्स की टीम 21.5 ओवर में 175 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए अंशल कपूर ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। शिवांशु दीक्षित ने 38 और त्रिभुवन दीक्षित ने 31 रन की उपयोगी पारी खेली। अर्जुन चंदन ने भी 22 रन का योगदान दिया।

बंसीवाला इनक्रेडिबल्स की ओर से शुभम कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 26 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। हर्षित जोशी ने 30 रन देकर दो, जबकि रोशन अग्रवाल ने महज आठ रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

आतिफ की 49 रन की पारी भी नहीं दिला सकी जीत

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंसीवाला इनक्रेडिबल्स की टीम निर्धारित 22 ओवर में नौ विकेट पर 169 रन ही बना सकी। आतिफ अली ने 49 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। व्रिशांक श्रीवास्तव ने 38, जबकि शुभम कुमार और अभिनव टंडन ने 21-21 रन बनाए।

अल्फा प्रिडेटर्स की जीत के नायक त्रिभुवन दीक्षित रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए महज 11 रन देकर छह विकेट चटकाए और बंसीवाला की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके इस प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख अल्फा प्रिडेटर्स के पक्ष में कर दिया।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए त्रिभुवन दीक्षित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार भी मिला, जबकि बंसीवाला इनक्रेडिबल्स के आतिफ अली बेस्ट बैटर चुने गए।

दूसरे मुकाबले में आरिश ने खेली 64 रन की पारी

दिन के दूसरे लीग मुकाबले में चैलेंजर्स इलेवन केएसपीएल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 22 ओवर में नौ विकेट पर 178 रन बनाए। कप्तान आरिश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन की पारी खेली। संदीप कुमार ने 39 और रजा खान ने 32 रन का योगदान दिया। कैरिबियन ब्लूज की ओर से क्षितिज, अंश सिंह और मनिंदर सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।

19.5 ओवर में कैरिबियन ब्लूज ने हासिल किया लक्ष्य

179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरिबियन ब्लूज ने 19.5 ओवर में आठ विकेट खोकर 179 रन बनाए और दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मनिंदर सिंह ने 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंश सिंह ने 30 रन बनाए।

चैलेंजर्स इलेवन की ओर से अनुपम यादव, अभि सिंह और अमरजीत सिंह ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन वे कैरिबियन ब्लूज को लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सके।

शानदार प्रदर्शन करने वाले मनिंदर सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ बेस्ट बॉलर भी चुना गया। चैलेंजर्स इलेवन के कप्तान आरिश को उनकी 64 रन की पारी के लिए बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया।

Leave a Comment