- एलनहाउस पब्लिक स्कूल में 18 विद्यालयों के 90 खिलाड़ियों ने दिखाई रणनीति और एकाग्रता, डीपीएस कल्याणपुर उपविजेता
कानपुर, 17 जुलाई।
एलनहाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन्स में शुक्रवार को केएसएस इंटर-विद्यालयीय (जोन-बी) सीनियर बालक शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीबीएसई जोन-बी के 18 विद्यालयों के 90 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पांच राउंड तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद डीपीएस आजाद नगर ने 10 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। डीपीएस कल्याणपुर ने 8 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि द चिन्टल्स स्कूल, कल्याणपुर ने 6 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इन खिलाड़ियों को मिला बेस्ट परफॉर्मर सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इनमें शुभ गुप्ता (श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर), अद्विवक कटियार (युगम इंटरनेशनल), हरजी सिंह (सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर), अरिहंत राजपूत (पं. दीनदयाल स्कूल) और कबीर चन्द्रवंशी शामिल रहे।
अतिथियों ने किया शुभारंभ, खेल भावना का दिया संदेश
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शबाना अरोड़ा, वरिष्ठ प्रधानाध्यापिका श्रीमती ज़ेहरा फ़ातिमा तथा कानपुर जिला शतरंज संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने किया। अतिथियों का स्वागत करने के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. शबाना अरोड़ा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, धैर्य, एकाग्रता और खेल भावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि निर्णय क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, कानपुर जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों तथा आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी गई।