केएसएस वॉलीबॉल टूर्नामेंट में आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

 

 

  • डीपीएस बर्रा, डीडीवीएन और ऑक्सफोर्ड का शानदार प्रदर्शन, 18 नवंबर को होंगे क्वार्टर फाइनल और फाइनल मुकाबले

 

कानपुर, 17 नवम्बर।

सीएचएस एजुकेशन सेंटर, तात्या टोपे नगर में मंगलवार को केएसएस वॉलीबॉल टूर्नामेंट के बालक वर्ग (जोन-B) का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन के दम पर आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. केतू बाजपेयी ने किया।

### दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय चौधरी हरमोहन सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किया। प्रतिभागी टीमों का परिचय कराने के बाद रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. केतू बाजपेयी, प्रधानाचार्य सीएचएस गुरुकुलम, विशिष्ट अतिथि रविन्द्र सचान, मानद महासचिव कानपुर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन, विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता यादव और उप-प्रधानाचार्या श्वेता शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

### डीपीएस बर्रा और डीडीवीएन ने दिखाया दम

पहले दिन खेले गए मुकाबलों में डीपीएस बर्रा ने दुर्गाप्रसाद को 25-4, 25-11 से तथा सुग्गर सिंह कोयलानगर को 25-13, 25-3 से हराया। डीडीवीएन चेकेरी ने आरके एजुकेशन सेंटर को 25-6, 25-9 से पराजित किया। डीडीवीएन ने एमडीएन बोधन को भी 25-16, 25-12 से हराया।

अन्य मुकाबलों में पृथ्वीराज ने जेडी एजुकेशन सेंटर को 25-9, 25-15 से और हरमिलाप ने स्कोमिया को 25-16, 25-12 से हराया। आर्चीज ने कड़े मुकाबले में एनकेएसएस को 24-26, 25-20, 15-7 से पराजित किया। वहीं ऑक्सफोर्ड ने पृथ्वीराज को 25-8, 25-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

### आठ टीमों के बीच होगा खिताब के लिए मुकाबला

पहले दिन के मुकाबलों के बाद हरमिलाप, डीडीवीएन, डीपीएस बर्रा, ऑक्सफोर्ड मॉडल (श्याम नगर), आर्चीज हायर सेकेंडरी, सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल, सुभाष पब्लिक स्कूल और सरस्वती एजुकेशन ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

### आज होंगे क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक के मुकाबले

प्रतियोगिता के दूसरे दिन 18 नवंबर को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और तृतीय स्थान के मुकाबलों के साथ फाइनल मैच खेला जाएगा। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Comment