- 16 स्कूलों के 200 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, स्वर्ण व रजत पदक विजेता करेंगे कानपुर नॉर्थ ज़ोन का प्रतिनिधित्व
कानपुर, 13 जुलाई।
कैंट स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में आयोजित दो दिवसीय सीआईएससीई नॉर्थ ज़ोन एथलेटिक्स (बॉयज़) प्रतियोगिता का सोमवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में 16 विद्यालयों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी एवं उप-प्रधानाचार्य एम.के. मिश्रा ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
रीजनल प्रतियोगिता में करेंगे कानपुर नॉर्थ ज़ोन का प्रतिनिधित्व
प्रधानाचार्य गणेश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी आगामी सीआईएससीई रीजनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कानपुर नॉर्थ ज़ोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के महत्व पर बल दिया।
इन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
अंडर-14 वर्ग में 80 मीटर हर्डल्स का स्वर्ण विशेष साहू (सेंट एलॉयसियस स्कूल) ने जीता, जबकि 4×100 मीटर रिले में सेंट एलॉयसियस स्कूल विजेता रहा।
अंडर-17 वर्ग में 1500 मीटर और 400 मीटर हर्डल्स में अंशुल पटेल (सर सैयद स्कूल) ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 3000 मीटर में मोहम्मद रेहान, 110 मीटर हर्डल्स में अविरल श्रीवास्तव (यूनाइटेड पब्लिक स्कूल), 5 किमी वॉक में शुभ गुप्ता (यूनाइटेड पब्लिक स्कूल), हाई जंप में अर्हम मिर्जा (सेंट एलॉयसियस) तथा ट्रिपल जंप में अहमद अली राजा (सेंट एलॉयसियस) विजेता रहे। 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले दोनों स्पर्धाओं में सर सैयद पब्लिक स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 वर्ग में मोहित पाल (कात्यान स्कूल) ने 1500 मीटर और 3000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। 110 मीटर हर्डल्स और ट्रिपल जंप में अश्विन रावत (यूनाइटेड पब्लिक स्कूल) विजेता रहे। 5 किमी वॉक में शौर्य कुमार ओमर (यूनाइटेड पब्लिक स्कूल) तथा हाई जंप में कार्तिक सिंह (सेंट एलॉयसियस) ने स्वर्ण पदक जीता। 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले में यूनाइटेड पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही।
तकनीकी अधिकारियों की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी, सुशील चंद्रा, बसंत सिंह, शरद मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, रानी शर्मा तथा कानपुर जिला एथलेटिक्स संघ के दिवेश दुबे, मोहित दुबे, आर.बी. सिंह और किशोर वर्मा सहित अन्य तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।