- ग्रीन पार्क में आयोजित प्रतियोगिता में द स्पोर्ट्स हब के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई आयु वर्गों में चैंपियन बने खिलाड़ी
कानपुर, 12 जुलाई।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित तृतीय कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में द स्पोर्ट्स हब (TSH) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में अपना दबदबा कायम रखा। टीएसएच के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण, 6 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर कुल 26 पदकों पर कब्जा जमाया। इसके अलावा बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर संस्थान की मजबूत खिलाड़ी तैयार करने की परंपरा को एक बार फिर साबित किया।
आशुतोष का डबल गोल्ड, शुभ और अधिराज भी बने चैंपियन
टीएसएच के शुभ तिवारी ने अंडर-11, अधिराज मजूमदार ने अंडर-13, जबकि आशुतोष गुप्ता ने अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता के सबसे सफल खिलाड़ियों में जगह बनाई। पुरुष एकल वर्ग में सत्यम गिरी गुप्ता तथा पुरुष युगल में आशुतोष गुप्ता ने भी स्वर्ण पदक जीतकर टीएसएच की सफलता को नई ऊंचाई दी।
ईडब्ल्यूएस और लाइफटाइम मेंबर खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया मान
अंडर-9 बालक वर्ग में वेदांश, अंडर-15 में आदित्य राज, अंडर-17 में दक्ष खंडेलवाल तथा अंडर-19 में सृजन महाजन ने रजत पदक जीते। महिला युगल में ईडब्ल्यूएस खिलाड़ी साक्षी सोनकर ने रजत पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। कांस्य पदक विजेताओं में शुभ तिवारी, अधिराज मजूमदार, अन्या गुप्ता, सृजन महाजन, दक्ष खंडेलवाल, आशुतोष गुप्ता और साक्षी सोनकर सहित कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं वेदांश, रिवान अग्रवाल, आर्या मेहरोत्रा, अबीर गुप्ता और सृजन महाजन सहित टीएसएच के लाइफटाइम मेंबर खिलाड़ियों ने भी पदक जीतने और अंतिम आठ में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
यंग अचीवर्स सम्मान से बढ़ा खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित यंग अचीवर्स सम्मान समारोह में टीएसएच के लाइफटाइम मेंबर तरुष निगम, कियांश अग्रवाल, अर्ना खन्ना, रिवान अग्रवाल और आर्या मेहरोत्रा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।