कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग का रोमांच शुरू, पहले चरण का ट्रायल कल

 

 

  • कानपुर मंडल सहित सात जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम, शाम 3 बजे से होगा चयन

 

कानपुर, 4 जुलाई।

कानपुर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली ‘कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग’ के लिए खिलाड़ियों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। लीग के पहले चरण का भव्य ट्रायल 5 जुलाई 2026 को हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज, पी रोड, कानपुर के मैदान पर आयोजित किया जाएगा। ट्रायल की शुरुआत शाम 3:00 बजे से होगी, जिसमें कानपुर मंडल एवं आसपास के जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

सात जिलों के खिलाड़ी लेंगे ट्रायल में हिस्सा

आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने बताया कि ट्रायल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद के पंजीकृत खिलाड़ी भाग लेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगे के चरण के लिए चुना जाएगा।

इन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि केवल पूर्व पंजीकृत खिलाड़ी ही ट्रायल में भाग ले सकेंगे। सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा, जिनमें दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की फोटोकॉपी, पंजीकरण की मूल रसीद तथा खेल प्रमाण पत्र (स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट) की फोटोकॉपी शामिल है। खिलाड़ियों को निर्धारित समय से पहले मैदान पर पहुंचकर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।

खो-खो को नई पहचान देने की पहल

आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर देना है। इस अवसर पर कानपुर जिला खो-खो संघ के संरक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, टेक्निकल बोर्ड चेयरमैन महेश चंद्र झा, कंपटीशन डायरेक्टर शिवलाल यादव, सचिव विपिन कुमार सोनकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment