- द जैन इंटरनेशनल स्कूल के छात्र ने 800 मीटर, 1500 मीटर फ्रीस्टाइल और 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले में जीते गोल्ड मेडल
कानपुर, 5 जुलाई।
उत्तर प्रदेश की जूनियर राज्य स्तरीय ‘समन्वय’ तैराकी प्रतियोगिता-2026 में कानपुर के प्रतिभाशाली तैराक मानस पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल द जैन इंटरनेशनल स्कूल, कानपुर बल्कि पूरे शहर का गौरव बढ़ा है।
प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लिया, लेकिन मानस पांडेय ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मानस ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल, 1500 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले (I.M.) स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
द जैन इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मानस पांडेय को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय ने विश्वास व्यक्त किया कि मानस आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।