UPCA स्पीड हंट: कानपुर में सबसे तेज गेंदबाज बने सौरव झा, गरिमा यादव ने महिला वर्ग में दिखाई रफ्तार

 

 

  • कमला क्लब में दो दिवसीय ट्रायल संपन्न, 458 खिलाड़ियों ने दी स्पीड टेस्ट में चुनौती

 

कानपुर, 2 जुलाई।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के महत्वाकांक्षी ‘UPCA स्पीड हंट’ अभियान के तहत कमला क्लब, कानपुर में आयोजित दो दिवसीय ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। कानपुर केंद्र पर 12 जिलों के 1,700 से अधिक पंजीकृत खिलाड़ियों में से कुल 458 खिलाड़ियों ने अपनी गेंदबाज़ी की गति और कौशल का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का मूल्यांकन आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया गया।

सौरव झा ने फेंकी 138 किमी प्रति घंटा की रफ्तार

पुरुष वर्ग में कानपुर नगर के सौरव झा ने 138 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर कानपुर केंद्र के सबसे तेज़ गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। उनकी गति ने चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

गरिमा यादव महिला वर्ग में रहीं सबसे तेज

महिला वर्ग में कानपुर देहात की गरिमा यादव ने 108 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाज़ी कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। गरिमा के प्रदर्शन ने यह साबित किया कि प्रदेश की महिला क्रिकेट में भी तेज़ गेंदबाज़ों की नई प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं।

आधुनिक तकनीक से हुआ खिलाड़ियों का मूल्यांकन

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की गेंदबाज़ी की गति रडार गन से मापी गई, जबकि उनकी तकनीक, एक्शन और क्षमता का विश्लेषण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रणाली के माध्यम से किया गया। पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक का उपयोग किया गया।

प्रतिभाशाली तेज़ गेंदबाज़ों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

UPCA स्पीड हंट के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को आगे विशेष प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रदर्शन निखारने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश से ऐसे तेज़ गेंदबाज़ तैयार करना है, जो भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

Leave a Comment