बीजिंग। यूपी के अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी, वाराणसी निवासी सूरज यादव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए चीन में आयोजित एससीओ मेंबर स्टेट्स वुशु सांडा चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीत लिया है। 70 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सूरज ने पोडियम पर जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर देश का गौरव बढ़ाया।
कड़े मुकाबलों के बीच हासिल की सफलता
24 से 29 जून तक चीन में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के कई शीर्ष वुशु खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच सूरज यादव ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय वुशु के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

काशी के खिलाड़ी ने फिर बढ़ाया मान
सूरज यादव पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बार शंघाई में पदक जीतकर उन्होंने न केवल वाराणसी और उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से खेल जगत में खुशी की लहर है और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है।
बधाइयों का लगा तांता
सूरज यादव की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतकर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।