- राघव अवस्थी, आर्यमांश पांडेय और आदित्य गुप्ता रहे आकर्षण का केंद्र, दोनों मुकाबलों में आखिरी ओवर तक बना रहा रोमांच
कानपुर, 29 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध आरवीएस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर टी-20 लीग (अंडर-19) में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में स्पार्क इंटरनेशनल इलेवन और ज़ेहरा कंस्ट्रक्शन इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
स्पार्क इंटरनेशनल इलेवन ने सतगुरु फूड प्रोडक्ट्स इलेवन को 21 रन से हराया
पहले मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 146 रन बनाए। टीम की ओर से राघव अवस्थी ने 26 गेंदों पर नाबाद 39 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। पृथ्वी राज चौहान ने 33, आयुष पांडेय ने 22, अविरल पोद्दार ने नाबाद 17 तथा ओजश ने 13 रन का योगदान दिया।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सतगुरु फूड प्रोडक्ट्स इलेवन 20 ओवर में 9 विकेट पर 125 रन ही बना सकी। सचिन यादव ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि उत्कर्ष तिवारी (18), केशव यादव (17) और अभय (14) ने संघर्ष किया।
स्पार्क इंटरनेशनल इलेवन की ओर से कप्तान आयुष पांडेय और शिवम यादव ने 3-3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। पृथ्वी राज चौहान और निष्कर्ष ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। स्पार्क इंटरनेशनल इलेवन ने मुकाबला 21 रन से अपने नाम किया।
ज़ेहरा कंस्ट्रक्शन इलेवन ने चंद्रा क्रिकेट अकादमी को 5 रन से दी मात
दिन के दूसरे मुकाबले में ज़ेहरा कंस्ट्रक्शन इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाए। आर्यमांश पांडेय ने 26 गेंदों पर 48 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि साहिल वर्मा ने नाबाद 38 रन बनाए। सैयद अर्श अब्बास ने 22, कान्हा भाटिया ने 16 और अश्तर अब्बास ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चंद्रा क्रिकेट अकादमी की ओर से कप्तान आदित्य गुप्ता ने शानदार 62 रन बनाए। प्रिंस ने 31 और प्रीत भाटी गुर्जर ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
ज़ेहरा कंस्ट्रक्शन इलेवन की ओर से सारंग नाथ त्रिपाठी, मानविक और आर्यमांश पांडेय ने 2-2 विकेट लेकर टीम को रोमांचक 5 रन की जीत दिलाई।