- फाइनल में बिलाबॉन्ग स्कूल को 62 रनों से दी करारी शिकस्त
- सैयद अबुज़र बने मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैट्समैन, गाजी अम्मार रिजवी को मिला बेस्ट बॉलर का खिताब
कानपुर, 31 अक्टूबर।
ट्राई स्पोर्ट्स कप क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में एलनहाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले में एलनहाउस की टीम ने दमदार बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए बिलाबॉन्ग स्कूल को 62 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एलनहाउस पब्लिक स्कूल खलासी लाइन्स की टीम ने निर्धारित छह ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 117 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलाबॉन्ग स्कूल की टीम निर्धारित छह ओवरों में चार विकेट खोकर केवल 55 रन ही बना सकी। इस तरह एलनहाउस ने 62 रनों से शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी एलनहाउस के खिलाड़ियों का कब्जा
प्रतियोगिता में एलनहाउस के खिलाड़ियों ने टीम की जीत के साथ व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी अपना दबदबा कायम रखा। सैयद अबुज़र को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, गाजी अम्मार रिजवी ने अपने गेंदबाजी कौशल से प्रभावित करते हुए बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार हासिल किया।

प्रधानाचार्या ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शबाना अरोड़ा ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और सामूहिक टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के खेल विभाग एवं क्रिकेट कोच ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। एलनहाउस पब्लिक स्कूल खलासी लाइन्स की इस शानदार जीत से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।